पश्चिम बंगालः टीएमसी ने सुष्मिता देव को राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकित किया
By भाषा | Updated: September 14, 2021 17:43 IST2021-09-14T17:43:55+5:302021-09-14T17:43:55+5:30

पश्चिम बंगालः टीएमसी ने सुष्मिता देव को राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकित किया
(राज्यसभा उपचुनाव से जुड़ी जानकारियां जोड़ते हुए)
कोलकाता, चार सितंबर तृणमूल कांग्रेस ने सुष्मिता देव को मंगलवार को राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकित किया है। वह हाल में कांग्रेस छोड़कर टीएमसी में शामिल हुई थीं।
पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की सीट मानस भूनिया के विधानसभा चुनाव में पश्चिम मिदनापुर की सबांग विधानसभा सीट से जीत दर्ज करने के बाद रिक्त हुई है। पश्चिम बंगाल की एक सीट समेत राज्यसभा की छह सीटों पर चार अक्टूबर को चुनाव होना है।
पार्टी ने ट्वीट किया, ‘‘हमें सुष्मिता देव को संसद के ऊपरी सदन के लिए नामांकित करके अत्यधिक खुशी हो रही है। ममता बनर्जी के महिलाओं को सशक्त करने तथा राजनीति में उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की दूरदृष्टि से हमारे समाज को और अधिक हासिल करने में मदद मिलेगी।’’
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में से एक और उसकी महिला शाखा की प्रमुख रही देव पिछले महीने ममता बनर्जी की अगुवाई वाली पार्टी में शामिल हुई थीं। उन्हें असम और त्रिपुरा में पार्टी का कामकाज देखने की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।