लाइव न्यूज़ :

हम पीएजीडी का हिस्सा नहीं, गृह मंत्री का बयान ‘भ्रामक और सरासर झूठ’ : कांग्रेस

By भाषा | Updated: November 17, 2020 17:28 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 17 नवंबर कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मंगलवार को गुपकर घोषणापत्र गठबंधन (पीएजीडी) को लेकर उस पर निशाना साधे जाने के बाद पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि इस मामले में शाह का बयान ‘भ्रामक, शरारतपूर्ण और सरासर झूठ’ है।

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा कि कांग्रेस पीएजीडी में शामिल नहीं है और वह जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद का चुनाव लड़ रही है ताकि भाजपा का ‘जनविरोधी चेहरा’ बेनकाब हो सके।

गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पीएजीडी को ‘‘गुपकर गैंग’’ करार दिया और आरोप लगाया कि वह जम्मू एवं कश्मीर में विदेशी ताकतों का हस्तक्षेप चाहता है।

उन्होंने आरोप भी लगाया कि कांग्रेस और ‘‘गुपकर गैंग’’ जम्मू एवं कश्मीर को आतंक और उत्पात के युग में वापस ले जाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से पीएजीडी के कदमों पर पार्टी का रुख साफ करने को कहा।

इसके जवाब में सुरजेवाला ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘आए दिन झूठ बोलना, कपट फैलाना और नए भ्रमजाल गढ़ना मोदी सरकार का चाल, चेहरा और चरित्र बन गया है। शर्म की बात तो यह है कि देश के गृहमंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा की अपनी जिम्मेदारी को दरकिनार कर जम्मू, कश्मीर तथा लद्दाख पर सरासर झूठी, भ्रामक व शरारतपूर्ण बयानबाजी कर रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस कड़े शब्दों में अमित शाह व मोदी सरकार के मंत्रियों के आचरण की निंदा करती है तथा याद दिलाती है कि जम्मू, कश्मीर और लद्दाख को लेकर उनका आचरण ऐसा ही है, जैसा कि ‘नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’।’’

सुरजेवाला ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘कांग्रेस पार्टी ‘पीएजीडी’ का हिस्सा नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ देश के लिए कुर्बानी और बलिदान की परिपाटी कांग्रेस के नेतृत्व ने अपने लहू से लिखी है। अंग्रेज के गुलाम और पिट्ठू दलों के लोग शायद न तो देश और न ही तिरंगे के लिए कुर्बानी का जज़्बा समझ सकते हैं।’’

सुरजेवाला के मुताबिक, ‘‘कांग्रेस पार्टी यह कभी स्वीकार नहीं करेगी कि राष्ट्र की अस्मिता, अखंडता या तिरंगे को कोई आंच आए। न ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर सहित भारत के आंतरिक मामलों में कोई विदेशी दखलंदाजी स्वीकार की है और न ही करेगी। 70 वर्षों तक भारत का गौरवशाली इतिहास कांग्रेस के इस संकल्प का गवाह है। ’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘शाह जिस पीडीपी की आलोचना कर रहे हैं, उसके साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर में भाजपा ने सरकार का गठन क्यों किया था? भाजपा सरकार जम्मू-कश्मीर की जेल से कुख्यात आतंकवादी, मौलाना मसूद अजहर, मुश्ताक अहमद ज़रगर व अहमद उमर सईद शेख को रिहा करके क्यों आई थी?’’

सुरजेवाला ने सरकार पर आरोप लगाते हुए यह भी पूछा, ‘‘ केंद्र की मौजूदा सरकार ने आतंकवादियों की पोषक आईएसआई को पठानकोट एयरबेस हमले की जांच के लिए न्यौता देकर भारत क्यों बुलाया था और अमित शाह ने आईएसआई में विश्वास क्यों जताया था?’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में प्रजातांत्रिक चुनाव की पक्षधर है तथा इसी उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी जिला विकास परिषद का चुनाव लड़ रही है ताकि भाजपा का जनविरोधी चेहरा प्रजातांत्रिक तरीके से बेनकाब हो सके।’’

पीएजीडी में नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) समेत जम्मू-कश्मीर के विभिन्न दल शामिल हैं। इस गठबंधन ने संविधान के अनुच्छेद 370 को बहाल करने की मांग की है, जो पूर्ववर्ती राज्य को विशेष दर्जा देता था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटइंडियन प्रीमियर लीग में भुवनेश्वर कुमार ने जड़ा 'दोहरा शतक', ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज, जानें पहले पायदान पर कौन?

क्रिकेट37 के साथ सबसे आगे CSK?, आईपीएल में सबसे ज्यादा 200 से अधिक रन बनाने वाली टीमें, देखिए टॉप-5 लिस्ट

क्राइम अलर्टमैडम दुकान के सामने गाड़ी मत लगाओ, ग्राहक को आने में दिक्कत होगी?, 78 वर्षीय दुकानदार को महिला उपनिरीक्षक ने थप्पड़ मारा, प्राथमिकी दर्ज

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

पूजा पाठPanchang 06 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

भारत अधिक खबरें

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल