मरम्मत कार्य के लिए गंग नहर बंद होने से दिल्ली, उप्र में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका
By भाषा | Updated: October 16, 2021 16:41 IST2021-10-16T16:41:41+5:302021-10-16T16:41:41+5:30

मरम्मत कार्य के लिए गंग नहर बंद होने से दिल्ली, उप्र में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका
मुजफ्फरनगर, 16 अक्टूबर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति के प्रमुख स्रोत गंग नहर को मरम्मत कार्य के लिए शुक्रवार को बंद कर दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप दिल्ली, नोएडा और आगरा में जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग ने यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता उपेंद्र कुमार के अनुसार मरम्मत कार्य के लिए गंग नहर पांच नवंबर तक बंद रहेगी, जिसके कारण राष्ट्रीय राजधानी और उत्तर प्रदेश में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।
मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, अलीगढ़, एटा, हाथरस और फिरोजाबाद सहित उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में पानी की आपूर्ति बाधित होगी और किसानों को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि गंग नहर को उत्तर प्रदेश के 19 जिलों की जीवन रेखा माना जाता है, जोकि इन जिलों में सिंचाई के लिए पानी और पेयजल उपलब्ध कराती है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।