UP Politics News keshav prasad maurya: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला किया है। विश्वेश्वरैया भवन, लखनऊ में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में बोलते हुए कहा कि हम अति आत्मविश्वास में लोकसभा चुनाव 2024 हार गए हैं। इस बैठक को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप व वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों के साथ भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित किया।
इस कार्य समिति में हम सभी कार्यकर्ताओं का एक ही लक्ष्य एक ही संदेश जन-जन तक पहुंचना है 2027 में 2017 फिर से दोहराना है। बीजेपी नेता ने कहा कि सरकार के बल पर चुनाव नहीं जीते जाता। भाजपा ही चुनाव लड़ती है और जीतती है। पिछड़ा वर्ग को साधने के लिए भाजपा ने ओबीसी कार्य समिति की बैठक की। सीएम योगी के आने से पहले दोनों उपमुख्यमंत्री निकल गए।
मौर्य ने हाल के लोकसभा चुनावों में भाजपा को अपेक्षित परिणाम न मिलने पर चिंता जाहिर करते हुए रविवार को कहा कि 2024 में कार्यकर्ताओं के प्रयासों के बावजूद नतीजे हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे। मौर्य ने यह भी कहा कि संगठन सरकार से बड़ा था, बड़ा है और हमेशा बड़ा रहेगा और मैं उपमुख्यमंत्री बाद में हूं, पहले कार्यकर्ता हूं।
मौर्य ने कहा, '' हम कार्यकर्ताओं ने 2014 में मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) की सरकार बनाने में योगदान दिया। वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार, 2019 में फिर मोदी जी की सरकार और 2022 में योगी जी (योगी आदित्यनाथ) के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया। वर्ष 2024 में हमारे प्रयासों के बावजूद परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे।''