त्रिपुरा नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान आरंभ
By भाषा | Updated: November 25, 2021 10:11 IST2021-11-25T10:11:23+5:302021-11-25T10:11:23+5:30

त्रिपुरा नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान आरंभ
अगरतला, 25 नवंबर राजनीतिक हिंसा के आरोपों के बीच त्रिपुरा के 14 नगर निकायों के लिए मतदान बृहस्पतिवार को शुरू हुआ।
तृणमूल कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रदेश की राजधानी अगरतला में वार्ड संख्या पांच में पार्टी के एक कार्यकर्ता को पीटा गया। हालांकि पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं की है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव जितेन चौधरी ने दक्षिण त्रिपुरा जिले में सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा मतदाताओं को धमकाने और पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने देने का आरोप लगाया।
हालांकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन आरोपों से इनकार किया। पार्टी के प्रवक्ता नेबेंदु भट्टाचार्य ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘मतदान जोरशोर से आरंभ हुआ।’’
त्रिपुरा निकाय चुनावों में भाजपा ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वह अगरतला नगर निगम और 19 शहरी निकायों की कुल 334 सीटों में से 112 पर निर्विरोध जीत चुकी है।
बाकी की 222 सीटों के लिए कुल 785 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 5, 94,772 पात्र मतदाता हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।