Valmiki Nagar Lok Sabha seat: असम के कोकराझार से दो बार के निर्दलीय सांसद नबा सरानिया ने वाल्मीकि नगर से किया नामांकन, सुनील कुमार और दीपक यादव से टक्कर
By एस पी सिन्हा | Updated: May 7, 2024 14:29 IST2024-05-07T14:28:35+5:302024-05-07T14:29:12+5:30
Valmiki Nagar Lok Sabha seat: वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट पर सरानिया के द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बताया जाता है कि सरानिया असम के उल्फा की 709 बटालियन के कमांडर रह चुके हैं।

photo-lokmat
Valmiki Nagar Lok Sabha seat: असम के कोकराझार से दो बार के निर्दलीय सांसद और गण सुरक्षा पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष नबा सरानिया ने बिहार के वाल्मीकि नगर संसदीय क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। इस सीट पर उनका मुकाबला जदयू के सुनील कुमार और राजद के दीपक यादव से होगा। थारू आदिवासी बाहुल्य वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट पर सरानिया के द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बताया जाता है कि सरानिया असम के उल्फा की 709 बटालियन के कमांडर रह चुके हैं।
असम के बक्सा जिले के दिघलीपार गांव के रहने वाले नबा ने 1990 में संगठन ज्वाइन किया था। 20 अगस्त 2012 को गुवाहाटी पुलिस ने तीन अन्य लोगों के साथ लूट, अपहरण और हत्या के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया था। बाद के दिनों में उन्होंने संगठन को छोड़कर राजनीति को अपना कैरियर बना लिया। नबा सरानिया ने बताया कि असम में कुछ तकनीकी कारणों से उनका नामांकन रद्द हो गया था।
वाल्मीकि नगर से चुनाव लड़ने का उद्देश्य आदिवासी, पिछड़ा, अति पिछड़ा, अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए कार्य करना, उनको आगे बढाना व सोशल पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी जाकर चुनाव लड़ सकते है तो मैं वाल्मीकि नगर से क्यों नहीं लड़ सकता हूं। अगर जीत होगी तो सभी वर्गों के विकास का काम करूंगा।