उत्तर प्रदेश के उन्नाव से आई हैरान करने वाली तस्वीरें, गंगा नदी के किनारे रेत में दफन मिले कई शव
By विनीत कुमार | Updated: May 13, 2021 09:31 IST2021-05-13T09:27:03+5:302021-05-13T09:31:16+5:30
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में गंगा नदी के किनारे कई शव रेत में मिले हैं। बताया जा रहा है कि इन्हें यहां दफनाया गया था। फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

उन्नाव में रेत में दफनाए हुए कई शव मिले (फोटो- एएनआई)
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गंगा नदी में संदिग्ध कोविड मरीजों के शव बहते हुए मिलने की घटना के बाद एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यूपी के उन्नाव में दो जगहों पर गंगा नदी के पास रेत में दफनाए गए कई शव मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ज्यादातर शव भगवे रंग के कपड़े में लपेटे हुए नजर आए हैं। एनडीटीवी के अनुसार उन्नाव में एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि मिले दो जगहों में से एक जगह तीन जिलों के लिए अंतिम संस्कार के लिए बड़ा स्थल है। साथ ही ये भी अभी स्पष्ट नहीं है कि ये शव क्या कोविड मरीजों के हैं।
उन्नाव के डीएम रविंद्र कुमार ने मीडिया से कहा, 'कुछ लोग शव को नहीं जलाते बल्कि नदी के पास रेत में दफना देते हैं। मैंने सूचना मिलने के बाद अधिकारियों को उन जगहों पर भेजा है। मैंने उन्हें इस संबंध में जांच करने और इसके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।'
यह पूछे जाने पर कि क्या शव कोविड मरीजों के हैं, उन्होंने कहा कि इस संबंध में मिली अभी तक की जानकारी इस ओर इशारा नहीं करती है।
Dead bodies found buried in sand near river Ganga in UP's Unnao
— ANI UP (@ANINewsUP) May 13, 2021
"Our team has found buried bodies in an area far from river. Search being conducted for more bodies in other areas. I've asked team to carry out inquiry. Action will be taken accordingly," said DM (12.05) pic.twitter.com/qFT1tpfsjH
गौरतलब है कि हाल में गंगा नदी में बहते देखे गए शवों ने कई सवालों को जन्म दे दिया है। कई स्थानीय लोग ये भी कह रहे हैं कि श्मशान घाट पर लकड़ियां कम पड़ने और महंगी मिलने के कारण लोगों ने ऐसा करना शुरू कर दिया है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में गंगा नदी के तटवर्ती इलाके में मंगलवार की रात सात और शव मिलने के साथ ही नदी से निकाले गए शवों की कुल संख्या 52 हो गई। इससे पहले बक्सर और गाजीपुर में भी ऐसे ही गंगा नदी से कई शव मिलने के मामले सामने आए हैं।