लाइव न्यूज़ :

उत्तर प्रदेश सरकार ने महंत नरेंद्र गिरि मृत्यु मामले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा की

By भाषा | Updated: September 23, 2021 00:11 IST

Open in App

लखनऊ, 22 सितंबर उत्तर प्रदेश सरकार ने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मृत्यु मामले की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की बुधवार रात को अनुशंसा की।

अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि प्रयागराज में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मृत्यु मामले की जांच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर सीबीआई से कराने की संस्तुति की गयी है ।

गौरतलब हैं कि महंत नरेंद्र गिरि सोमवार को अपने मठ के एक कमरे में मृत पाये गए थे। पुलिस के मुताबिक, गिरि ने कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और श्रीमठ बाघंबरी गद्दी के महंत नरेंद्र गिरि को बुधवार को दोपहर उनके मठ में पूर्ण विधि-विधान से समाधि दी गई। इस अवसर पर उनकी बहन और अन्य परिजन समेत सभी अखाड़ों के पदाधिकारी उपस्थित थे ।

बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद महंत नरेंद्र गिरि के पार्थिव शरीर को श्रीमठ बाघंबरी गद्दी लाया गया जहां उसे फूल मालाओं से तैयार एक विशेष वाहन में रखा गया।

श्रीमठ बाघंबरी गद्दी से गाजे-बाजे के साथ यह विशेष वाहन संगम क्षेत्र पहुंचा। जहां पार्थिव शरीर पर गंगा जल छिड़का गया। वहां से वाहन बड़े हनुमान मंदिर पहुंचा जहां मंदिर में प्रयुक्त फूल पार्थिव शरीर पर चढ़ाए गए। महंत नरेंद्र गिरि इस मंदिर के भी महंत थे।

बड़े हनुमान मंदिर से विशेष वाहन वापस श्रीमठ बाघंबरी गद्दी पहुंचा जहां महंत नरेंद्र गिरि को उनकी इच्छा के मुताबिक नींबू के पेड़ के नीचे समाधि दी गई। समाधि देने की प्रक्रिया करीब एक घंटे तक चली।

उधर प्रयागराज से मिली खबर के अनुसार अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की कथित आत्महत्या मामले में तीसरे आरोपी संदीप तिवारी को पुलिस ने बुधवार की शाम गिरफ्तार कर लिया।

जार्ज टाउन थाने के प्रभारी निरीक्षक महेश सिंह ने संदीप तिवारी को बुधवार की शाम गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की।

इस मामले में दो अन्य आरोपियों आनंद गिरि और आद्या प्रसाद तिवारी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया और बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने इन दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने कहा था कि घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महंत ने लिखा है कि वह मानसिक रूप से परेशान हैं और अपने एक शिष्य से व्यथित हैं।

कथित सुसाइड नोट में महंत नरेंद्र गिरि ने लिखा था, “मैं बहुत दुखी होकर आत्महत्या कर रहा हूं। मेरी मौत की जिम्मेदारी आनंद गिरि, आद्या प्रसाद तिवारी और उसके बेटे संदीप तिवारी की होगी।”

आनंद गिरि, महंत नरेंद्र गिरि के शिष्य हैं, जबकि आद्या प्रसाद तिवारी बड़े हनुमान मंदिर के पुजारी हैं।

प्रयागराज एसएसपी ने इस मामले में 18 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन भी किया था।

महंत नरेंद्र गिरि को श्रद्धांजलि देने प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा था कि मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े हर पहलू का पर्दाफाश किया जाएगा और दोषियों को दंडित किया जाएगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्टजमीन विवाद और कई बार जेल, भू-माफिया गंगदयाल यादव, बेटा समेत 4 अरेस्ट?, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के काफी करीबी?

पूजा पाठAkshaya Tritiya 2026: कब है अक्षय तृतीया?, तिथि, शुभ मुहूर्त, पूजा मुहूर्त और सोना खरीदने का समय?

कारोबारजयपुर मेट्रो परियोजनाः 13038 करोड़ रुपये की लागत, 36 स्टेशन और प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किमी लंबा

भारतखरमास खत्म होने के बाद 15-16 अप्रैल को बिहार में नया मुख्यमंत्री?, सीएम नीतीश कुमार ने की अंतिम बार कैबिनेट की अध्यक्षता!, 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ ग्रहण?

क्राइम अलर्टक्या पंजाब के बाद बिहार में जॉम्बी ड्रग?, कितना खतरनाक, धीमी सांस और लड़खड़ाता दिखा शख्स?, वीडियो

भारत अधिक खबरें

भारतबिहार के अस्पतालों में डॉक्टर, रुई और सुई नहीं, कहीं दवा नहीं तो बेड नहीं?, तेजस्वी यादव बोले-अमंगल दोष से ग्रसित स्वास्थ्य विभाग

भारतमप्र राज्यसभा चुनावः मीनाक्षी नटराजन और सज्जन सिंह वर्मा में टक्कर?, कांग्रेस में एक अनार-सौ बीमार?, अपनों की रार में भाजपा न मार ले जाए तीसरी सीट!

भारतKashmir Tourism: कश्मीर में होमस्टे का बढ़ता चलन टूरिज्म में जान डाल रहा

भारतIran-US ceasefire: इरान और अमेरिका के बीच सीजफायर, कश्मीर और लद्दाख में लोग मना रहे जश्न; नेताओं ने दी प्रतिक्रिया

भारतBihar: सीएम नीतीश कुमार ने 4954 नवनियुक्त एएनएम को सौंपा नियुक्ति पत्र, कहा- 'स्वास्थ्य सेवा सिर्फ एक नौकरी नहीं बल्कि मानवता की सेवा'