यूपी चुनावः महिला मतदाताओं को लामबंद कर रही हैं प्रियंका गांधी, भाजपा में बेचैनी तेज
By शीलेष शर्मा | Updated: December 21, 2021 19:38 IST2021-12-21T19:36:56+5:302021-12-21T19:38:42+5:30
योगी मंत्रिमंडल के एक कैबिनेट मंत्री ने स्वीकार किया कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व महिलाओं को लामबंद करने की हर संभव कोशिश कर रही है।

प्रयागराज में मोदी ने अपना पूरा भाषण महिलाओं पर केंद्रित किया।
नई दिल्लीः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधीउत्तर प्रदेश चुनाव के लिये महिला मतदाताओं को जिस तरह लामबंद कर रहीं हैं उससे भाजपा में घबराहट पैदा हो गयी है।
भाजपा की बेचैनी की पुष्टि उस समय हुई जब योगी मंत्रिमंडल के एक कैबिनेट मंत्री ने स्वीकार किया कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व महिलाओं को लामबंद करने की हर संभव कोशिश कर रही है। क्योंकि पिछले चुनावों में महिला मतदाताओं ने व्यापक स्तर पर भाजपा का समर्थन किया था।
इस मंत्री ने दबी जुबान से स्वीकार किया कि प्रदेश की महिला मतदाताओं के बीच प्रियंका गांधी गहरी पैठ बनाने में कामयाब होती दिख रही हैं। महिला मतदाताओं को लेकर कितनी बेचैन है भाजपा ,इसके संकेत उन विज्ञापनों से भी मिलता है जो योगी सरकार हर रोज़ ज़ारी कर रही है। इतना ही नहीं अब प्रधानमंत्री मोदी भी उत्तर प्रदेश की सभाओं में महिलाओं को योगी सरकार की सुविधाओं का जिक्र कर रहे हैं।
आज प्रयागराज में मोदी ने अपना पूरा भाषण महिलाओं पर केंद्रित किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की योजना शुरू की और आनन फ़ानन में इस योजना को 1 हज़ार करोड़ रुपयों का हस्तांतरण भी कर दिया। मातृ शक्ति ,महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे वाक्य बोल कर महिला मतदाताओं को बताया कि योगी -मोदी सरकार महिलाओं को लेकर कितनी गंभीर है। बावजूद इसके प्रियंका गांधी महिलाओं को लेकर अपना अभियान तेज़ करने में जुटीं हैं और " लड़की हूँ ,लड़ सकती हूँ "के नारे को लेकर गांव गाँव जाने की योजना बना रही हैं।