लाइव न्यूज़ :

संप्रग दलितों, आदिवासियों, मजदूरों और किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहा है : हेमंत सोरेन

By भाषा | Updated: October 28, 2021 20:26 IST

Open in App

रायपुर, 28 अक्टूबर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) दलितों, आदिवासियों, मजदूरों और किसानों के उत्थान के लिए तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम करने के प्रति प्रतिबद्ध रहा है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बृहस्पतिवार को पांच दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव, 2021 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सोरेन ने इस आयोजन को उन समुदायों के प्रति सम्मान कहा, जो सदियों से वंचित और शोषित हैं। सोरेन, महोत्सव के मुख्य अतिथि थे।

यहां साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री ने महोत्सव के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सराहना करते हुए कहा, ‘‘ यह अपने आप में अलग तरह का कार्यक्रम है। यह न केवल एक आदिवासी नृत्य कार्यक्रम है बल्कि यह उन वर्गों के प्रति सम्मान है जो सदियों से वंचित और शोषित हैं।’’

सोरेन ने कहा, ‘‘ हम (आदिवासियों के बारे में) बहुत बात करते हैं, (आदिवासी विकास) विभाग बनते हैं, मंत्री बनते हैं, लेकिन आज भी यह वर्ग वंचित है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का यह प्रयास निश्चित रूप से मील का पत्थर साबित होगा और इस वर्ग को आगे आने का मौका मिलेगा।’’

उन्होंने कहा कि वह भी झारखंड के एक आदिवासी समुदाय से हैं और इस मुकाम तक कैसे पहुंचे, यह उनके लिए बड़ी चुनौती रही है।

सोरेन के पिता शिबू सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

हेमंत सोरेन ने कहा कि आदिवासी समुदायों ने अपनी संस्कृति और परंपरा की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष किया है तथा इस तरह के आयोजन से उन्हें आशा, शक्ति और ऊर्जा मिलेगी।

झारखंड के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ हम सभी जानते हैं कि आदिवासियों के पास पैसा नहीं है। उनकी संपत्ति उनके खेत, पशुधन और वन उत्पाद हैं। मुझे खुशी है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वनोपज के लिए न्यूनतम समर्थन प्रदान कर रहे हैं। मेरा मानना ​​है कि जब तक गांव समृद्ध नहीं होगा, तब तक शहर, राज्य और देश भी समृद्ध नहीं हो सकता है। इसलिए, हमें गांवों में रहने वालों की आय और क्रय शक्ति बढ़ाने पर ध्यान देना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारा यूपीए (संप्रग) गठबंधन हमेशा कमजोर, गरीब, किसान, मजदूर, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहा है।’’

संप्रग का नेतृत्व करने वाली कांग्रेस, झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार में सहयोगी है।

बघेल ने राज्य के सभी वर्ग और समाज के देवी-देवताओं को नमन करते हुए कहा, ‘‘ अनेकता में एकता हमारी ताकत और पहचान है। इसे जोड़ने और संजोने के लिए विश्व के आदिवासियों को एक मंच पर लाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है, जिससे वह संस्कृति को, अपनी ताकत को जाने और आगे बढ़े।’’

बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज आदिवासियों का वैश्विक मंच के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ छत्तीसगढ़ राज्य में 42 जनजातियां और पांच विशेष पिछड़ी जनजातियां निवास करती है। इनकी जनसंख्या राज्य की कुल आबादी की एक-तिहाई है। सभी जनजातियों की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। उनकी बोली, उत्सव, नृत्य, देवी-देवता भी अलग-अलग है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के माध्यम से जनजातियों की सांस्कृतिक विभिन्नता, उनकी कला को हमें एक मंच पर देखने और जानने का अवसर मिल रहा है।’’

कांग्रेस नेता बी के हरिप्रसाद ने पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के बधाई संदेश को पढ़ा, जिन्होंने महोत्सव के लिए बधाई संदेश भेजकर छत्तीसगढ़ शासन की सराहना की है।

राहुल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि आदिवासी कलाकारों को मंच प्रदान कर तथा लोगों को आदिवासियों की प्राचीन और परंपरागत संस्कृति से अवगत कराने का यह कदम भारत की अनेकता में एकता के भाव को और मजबूत करेगा।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि 28 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक चलने वाले ‘राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव’ और छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में देश के 27 राज्यों और छह केन्द्रशासित प्रदेशों के कलाकारों के साथ-साथ सात देशों से आए लगभग 1500 कलाकार भाग ले रहे हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

ज़रा हटकेबिहार के बक्सर जिले से सामने आई है एक दिलचस्प प्रेम कहानी, दो महिलाओं ने कर ली आपस में शादी, एक पहले से थी विवाहित, दूसरी कुंवारी

क्राइम अलर्टपरिचित ही निकला कातिल, फिरौती के लिए की गई थी नागपुर के 14 वर्षीय अथर्व की हत्या, सीसीटीवी से खुली साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारत अधिक खबरें

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos

भारतDelhi Assembly Security Breach: कार में सवार व्यक्ति ने कॉम्प्लेक्स का गेट तोड़कर पोर्च में रखा गुलदस्ता, वीडियो

भारतबिहार में शराबबंदी कानून को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उठाया सवाल, कहा- बिहार में 40 हजार करोड़ रुपये की एक समानांतर अवैध अर्थव्यवस्था खड़ी हो गई है

भारतमुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने जदयू नेताओं ने लगाया निशांत कुमार जिंदाबाद, CM भी मुस्कुराए

भारतबिहार में मुख्यमंत्री चुनना भाजपा के लिए बनी बड़ी सिरदर्दी, सम्राट चौधरी के नाम पर दल में टूट की संभावना, संघ बैकग्राउंड के नेता की हो रही है मांग