उप्र हिंसा: पटोले ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लिये जाने को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

By भाषा | Updated: October 4, 2021 17:50 IST2021-10-04T17:50:46+5:302021-10-04T17:50:46+5:30

UP Violence: Patole targets BJP government over Priyanka Gandhi's detention | उप्र हिंसा: पटोले ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लिये जाने को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

उप्र हिंसा: पटोले ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लिये जाने को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

मुंबई, चार अक्टूबर कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने उत्तर प्रदेश में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को हिरासत में लिये जाने की सोमवार को निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित उत्तर प्रदेश में ‘‘तालिबानी राज’’ है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान रविवार को लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया इलाके में भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी।

इस घटना के कुछ घंटे बाद रविवार की रात राज्य पहुंचने पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने लखनऊ में प्रियंका गांधी के काफिले को कुछ देर के लिए रोका। कांग्रेस की नेता अन्य लोगों के साथ लखीमपुर खीरी जिले में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने जा रही थीं।

पटोले ने एक प्रेस बयान में आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे की कार ने किसानों को कुचल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार मंत्री के बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है।’’

उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने जा रहे प्रियंका गांधी, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अवैध रूप से हिरासत में लिया और उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है और किसानों, दलितों, अल्पसंख्यकों और वंचित तबके के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है।"

पटोले ने कहा कि प्रियंका गांधी को लखीमपुर खीरी जाते समय रास्ते में कई स्थानों पर रोका गया था। उन्होंने पूछा, ‘‘क्या भाजपा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री उनसे (प्रियंका) डरते हैं? क्या भाजपा शासित राज्य में पीड़ितों के परिवारों से मिलना अपराध है? उत्तर प्रदेश में तालिबानी राज व्याप्त है। कांग्रेस पार्टी लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रियंका गांधी को पीड़ितों के परिवारों से मिलने से कोई नहीं रोक सकता।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: UP Violence: Patole targets BJP government over Priyanka Gandhi's detention

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे