उप्र: पायलट अभिनव का सैनिक सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

By भाषा | Updated: May 22, 2021 17:04 IST2021-05-22T17:04:40+5:302021-05-22T17:04:40+5:30

UP: Pilot Abhinav was cremated with military honors | उप्र: पायलट अभिनव का सैनिक सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

उप्र: पायलट अभिनव का सैनिक सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

बागपत (उप्र), 22 मई पंजाब के मोगा जिले में शुक्रवार को मिग-21 दुर्घटनाग्रस्त होने से जान गंवाने वाले स्क्वाड्रन लीडर अभिनव चौधरी का बागपत के उनके पैतृक गांव पुसार के श्मशान घाट में शनिवार को सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

इस दौरान उन्हें अंतिम विदाई देते हुए हर किसी की आंख नम हो गईं और मौजूद लोगों ने 'भारत माता की जय' और 'शहीद अभिनव चौधरी अमर रहे' के नारे लगाए। ताऊ सूबे सिंह ने अपने लाडले की चिता को मुखाग्नि दी।

इससे पहले तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर शनिवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे अभिनव के पैतृक गांव पुसार पहुंचा। माता सत्या चौधरी, पिता सतेंद्र चौधरी व पत्नी सोनिका के साथ अन्य परिजन भी मौजूद रहे। वहीं शहीद के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा, दूरदराज के गांवों से भी लोग अभिनव चौधरी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

गांव के रास्ते पर ग्रामीण हाथों में तिरंगे लिए उनके इंतजार में खड़े रहे। इस दौरान, भारत माता की जय और अभिनव चौधरी अमर रहे के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा।

पायलट अभिनव को विधायक सहेंद्र सिंह रमाला, विधायक योगेश धामा, भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत, मद्य निषेद्य बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप उज्ज्वल आदि ने श्रद्धांजलि दी।

बागपत के पुसार गांव निवासी किसान सतेंद्र चौधरी सी-91 गंगासागर कॉलोनी मेरठ में सपरिवार रहते हैं। उनका होनहार बेटा अभिनव चौधरी वायु सेना में पायलट थे। अभिनव ने अपनी शादी में दहेज प्रथा के खिलाफ जाकर रस्म के तहत सिर्फ एक रुपया लिया था। इस पर पूरे देश में उनकी खूब सराहना हुई थी।

अनिभव काफी होनहार थे और 2014 में वह सेवा में शामिल हुए थे। वह लड़ाकू विमान मिग-21 के पायलट थे और इस समय पठानकोट एयरबेस में तैनात थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: UP: Pilot Abhinav was cremated with military honors

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे