लाइव न्यूज़ :

उत्तर प्रदेश चुनाव : अनुप्रिया पटेल ने ओबीसी के लिए अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग की

By भाषा | Updated: December 26, 2021 19:01 IST

Open in App

(जतिन टक्कर)

नयी दिल्ली, 26 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी अपना दल (एस) की प्रमुख अनुप्रिया पटेल ने राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक इतिहास साफ दिखाता है कि उत्तर प्रदेश में जिस पार्टी या गठबंधन को ओबीसी का समर्थन मिलता है, वही सत्ता में आता है।

देश के राजनीतिक रूप से सबसे अहम राज्य में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के फिर से सरकार बनाने को लेकर आश्वस्त पटेल ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए यह महत्वपूर्ण है कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाए।

केंद्रीय मंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जिस जातिगत समीकरण को आकार दिया, उसने राजग को एक के बाद एक तीन चुनावों में भारी जीत दिलाई।

उन्होंने कहा, ‘‘अमित शाह जी ने सभी जातियों खासतौर से ओबीसी को उचित स्थान देकर जातियों का एक गुलदस्ता बनाकर उत्तर प्रदेश में बहुत खूबसूरती से काम किया।’’ पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मतदाताओं के बीच राजग की ‘‘अच्छी स्थिति’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि हम पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएंगे।’’

अपना दल (एस) ने 2017 के विधानसभा चुनाव में नौ सीट जीती थीं। पार्टी ने तीन चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़े हैं।

ओबीसी उम्मीदवारों को और टिकट देने की पैरवी करते हुए पटेल ने कहा, ‘‘अगर आप राजनीतिक दलों के चुनावी प्रदर्शन तथा उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का इतिहास देखें तो पाएंगे कि ओबीसी का जिस पार्टी और गठबंधन की ओर झुकाव होता है वह राज्य में सत्ता में आता है।’’

पटेल ने कहा कि वह और उनकी पार्टी ओबीसी को अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में रही हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा ‘‘समाज के हाशिये पर पड़े वर्गों की ओर बहुत संवेदनशील’’ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप सच में सामाजिक न्याय चाहते हैं तो ओबीसी को अधिक प्रतिनिधित्व देना चाहिए खासतौर से उत्तर प्रदेश में, जहां उनकी आबादी का एक बड़ा हिस्सा रहता है।’’

मिर्जापुर से सांसद पटेल आगामी विधानसभा चुनाव में पिछड़े समुदाय का समर्थन हासिल करने को लेकर आशान्वित हैं। उन्होंने कहा कि राजग का समाज के इस वर्ग के बीच अच्छा तालमेल है क्योंकि मोदी सरकार की योजनाएं गरीब समर्थक हैं तथा उनका मकसद हाशिये पर पड़े वर्गों की मदद करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पिछड़े वर्गों की आकांक्षाओं और आवश्यकताओं को लेकर हमेशा संवेदनशील रहे हैं तथा यह तब दिखाई दिया जब उन्होंने नीट परीक्षा की अखिल भारतीय श्रेणी में ओबीसी कोटा दिया।

भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे पर अपना दल की नेता ने कहा कि वह अभी कोई संख्या नहीं बता सकतीं लेकिन दोनों दल एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं और बातचीत चल रही है।

कुर्मी ओबीसी जाति से आने वालीं पटेल जाति आधारित जनगणना की पक्षधर रही हैं। भाजपा ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है।

विधानसभा चुनाव नजदीक आने पर उत्तर प्रदेश में सभी बड़े राजनीतिक दल चुनावी मैदान में कूद पड़े हैं और वे ओबीसी मतदाताओं को लुभाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। राज्य की कुल आबादी के 40 प्रतिशत से अधिक लोग ओबीसी से संबंधित हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार, आरसीबी ने 43 रन से जीता बैक-टू-बैक दूसरा मुकाबला

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह