यूपी में महिलाओं के लिए कांग्रेस का अलग घोषणा पत्र, प्रियंका गांधी का ऐलान- सालाना तीन सिलेंडर मुफ्त, सरकारी बसों में नहीं लगेंगे पैसे
By विनीत कुमार | Updated: November 1, 2021 15:28 IST2021-11-01T13:29:20+5:302021-11-01T15:28:48+5:30
UP Election: कांग्रेस ने यूपी चुनाव से पहले महिलाओं के लिए अलग घोषणा-पत्र का ऐलान किया है। इसमें साल में तीन सिलेंडर मुफ्त देने सहित कई बड़े वादे किए गए हैं।

महिलाओं के लिए यूपी में कांग्रेस का अलग घोषणा पत्र (फाइल फोटो)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने एक बार फिर महिलाओं को लेकर अहम ऐलान किए हैं। कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी ने महिलाओं के लिए एक अलग घोषणापत्र तैयार किया है।
इसमें कांग्रेस की सरकार बनने पर साल में तीन सिलेंडर मुफ्त दिए जाने सहित सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा जैसे ऐलान किए गए हैं।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश की मेरी प्रिय बहनों, आपका हर दिन संघर्षों से भरा है। कांग्रेस पार्टी ने इसे समझते हुए अलग से एक महिला घोषणा पत्र तैयार किया है।’
उन्होंने इसी ट्वीट में लिखा, ‘कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर सालाना भरे हुए तीन रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जायेंगे। साथ ही प्रदेश की सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का प्रबंध होगा।' प्रियंका ने इस ट्वीट के साथ एक तस्वीर भी साझा की जिसमें महिलाओं को लेकर तमाम वादों का जिक्र किया गया है।
उप्र की मेरी प्रिय बहनों,
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 1, 2021
आपका हर दिन संघर्षों से भरा है। कांग्रेस पार्टी ने उसको समझते हुए आपके लिए अलग से एक महिला घोषणा पत्र तैयार किया है।
कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर
सालाना भरे हुए 3 सिलेंडर मुफ्त दिए जायेंगे।
प्रदेश की सरकारी बसों में महिलाओं के लिए यात्रा मुफ्त pic.twitter.com/8P6BJwoAaE
कांग्रेस के इन वादों में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह 10,000 रुपए मानदेय देने, नए सरकारी पदों पर आरक्षण के प्रावधानों के अनुसार 40 प्रतिशत पदों पर महिलाओं की नियुक्ति, 1000 रुपये प्रतिमाह वृद्धा-विधवा पेंशन देने और उत्तर प्रदेश की वीरांगनाओं के नाम पर प्रदेश भर में 75 दक्षता विद्यालय खोलने के वादे शामिल हैं।
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी पहले ही ऐलान कर चुकी हैं कि पार्टी उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत सीट पर महिला उम्मीदवारों को उतारगी। साथ ही छात्राओं को स्मार्टफोन और इलेक्ट्रिक स्कूटी देने की भी घोषणा कांग्रेस की ओर से की गई है। प्रियंका महिलाओं के वोट के लिए अपने तमाम दौरों में उनसे खास तौर पर मिल रही हैं।
इससे पहले रविवार को प्रियंका गांधी ने ये भी वादा किया था कि कांग्रेस की सरकार आने पर मछली पालन को कृषि का दर्जा दिया जाएगा और मछली पालन तथा बालू खनन में निषादों को उनका अधिकार वापस दिया जाएगा।
(भाषा इनपुट)