UP Election 2022: राजनाथ सिंह ने कहा, चौधरी चरण सिंह मेरे गुरु हैं, जाट हमसे नाराज नहीं हो सकते
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: January 27, 2022 22:37 IST2022-01-27T22:28:58+5:302022-01-27T22:37:31+5:30
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा कभी भी जातिगत राजनीति में भरोसा नहीं करती। इसका भरोसा तो हमेशा से विकास और न्याय-आधारित राजनीति में रहा है।

UP Election 2022: राजनाथ सिंह ने कहा, चौधरी चरण सिंह मेरे गुरु हैं, जाट हमसे नाराज नहीं हो सकते
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जाट वोटों को साधने में लगी बीजेपी हर वो दाव आजमा रही है, जिससे जाट बिरादरी का वोट उसके खाते में दर्ज हो सकते। इसके लिए बीते दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेजी दिखाई और जाटों को रिझाने के लिए खुद कैराना पहुंच गये। इतना ही नहीं अमित शाह ने घर-घर जाकर लोगों से वोट भी मांगा।
अब बीजेपी की ओर से अगला दाव केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चला। गुरुवार को अपने पुराने लोकसभा सभा क्षेत्र गाजियाबाद पहुंचे राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए उन्हें अपना आदर्श बताया।
जब चौधरी चरण सिंह जी गांव, गरीब और किसानों की बात करते थे तो मेरे मन में उनके प्रति आस्था पैदा हुई। मैंने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी का जन्मदिन किसान दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए और तब से वह सिलसिला चल रहा है। pic.twitter.com/9zJrjBG2EV
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) January 27, 2022
मोदी नगर में राजनाथ सिंह ने जोर देते हुए कहा कि हमने जब राजनीति शुरू की थी, उस समय से लेकर आजतक मैं खुद को चौधरी चरण सिंह के विचारों के करीब पाता हूं। ऐसे में भला जाट बिरादरी हमसे (भाजपा) कैसे नाराज हो सकती है।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने मोदी नगर में जनता से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा जब वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब उनकी पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि को ‘किसान दिवस’ घोषित किया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी जातिगत राजनीति में भरोसा नहीं करती। इसका भरोसा तो हमेशा से विकास और न्याय-आधारित राजनीति में रहा है।
इस मौके पर राजनाथ सिंह ने भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में गये स्वामी प्रसाद मौर्या के बारे में कहा कि उनकी पार्टी इसकी तनिक भी परवाह नहीं करती है। जिसको जहां जाना जाए।
राजनाथ सिंह ने जनसभा में दावा किया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में यूपी की कानून-व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है और 2022 के चुनाव के बाद भी भाजपा ही भारी बहुमत से यूपी में सरकार बनाएगी।
जनसभा को सम्बोधित करने से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिंकरी कला गांव में महामाया मंदिर में पूजा की और साथ ही उस पेड़ को भी देखा, जिसके बारे में मान्यता है कि ब्रिटिश काल में अंग्रेज क्रांतिकारियों को लटका कर फांसी देते थे।