UP Election 2022: मतदान से पहले BJP सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले
By सतीश कुमार सिंह | Updated: February 22, 2022 22:43 IST2022-02-22T22:40:26+5:302022-02-22T22:43:10+5:30
UP Election 2022: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा जी के नाती मयंक जोशी जी ने माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी से की शिष्टाचार भेंट।

लखनऊ में 23 फरवरी को मतदान होगा।
UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत राज्य की राजधानी लखनऊ में होने वाले मतदान की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र मयंक जोशी ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव से मंगलवार को मुलाकात की।
यादव ने मंयक जोशी के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, ''श्री मयंक जोशी से शिष्टाचार मुलाकात।'' गौरतलब है कि मंयक जोशी, भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र हैं। रीता जोशी इस विधानसभा चुनाव में अपने बेटे के लिए लखनऊ छावनी से विधानसभा चुनाव का टिकट मांग रही थीं, लेकिन भाजपा ने छावनी विधानसभा से प्रदेश सरकार के मंत्री ब्रजेश पाठक को टिकट दे दिया।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा जी के नाती श्री मयंक जोशी जी ने माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी से की शिष्टाचार भेंट। pic.twitter.com/yBB9CaAWVv
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) February 22, 2022
रीता जोशी ने लखनऊ छावनी से 2012 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर और 2017 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था और दोनों बार विजय प्राप्त की थी। रीता जोशी ने 2017 के चुनाव में मुलायम सिंह यादव परिवार की बहू और सपा प्रत्याशी अपर्णा यादव को हराया था। अभी हाल में अपर्णा सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई थीं। लखनऊ में 23 फरवरी को मतदान होगा।