यूपीः कुशीनगर हादसे की तस्वीरें आईं सामने, कुएं में गिरने से 13 महिलाओं की हो गई मौत
By अनिल शर्मा | Updated: February 17, 2022 11:17 IST2022-02-17T11:08:11+5:302022-02-17T11:17:16+5:30
नौरंगिया टोला गांव में बुधवार रात करीब 10 बजे महिलाएं और लड़कियां कुएं के ऊपर लगे लोहे के जाल पर बैठकर विवाह संबंधी एक रस्म कर रही थीं। इसी दौरान जाल टूट गया और उस पर बैठे सभी लोग कुएं में जा गिरे। इस हादसे में 13 महिलाओं और बच्चों की मौत हो गईं।

यूपीः कुशीनगर हादसे की तस्वीरें आईं सामने, कुएं में गिरने से 13 महिलाओं की हो गई मौत
कुशीनदरः उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में विवाह से पूर्व की एक रस्म के दौरान हुए हादसे में 13 महिलाओं की मौत हो गई है। महिलाएं रस्म अदायगी के लिए कुएं पर गई थीं। अधिक दबाव के कारण कुएं का स्लैब टूट गया और सभी महिलाएं उसमें जा गिरीं। हादसे की तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं। तस्वीरों में कुएं के पास लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। वहीं हादसे वाले कुएं को बांस की सीढ़ियों से ढंक दिया गया है। यह घटना बुधवार रात करीब 10 बजे घटित हुई। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान किया गया है।
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बृहस्पतिवार को बताया कि नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया टोला में बुधवार रात करीब 10 बजे परमेश्वर कुशवाहा नामक व्यक्ति के घर में शादी के लिए हल्दी की रस्म हो रही थी और कुछ महिलाएं एवं लड़कियां कुएं के ऊपर लगे जाल पर बैठकर रस्म अदा कर रही थीं। इस दौरान वह जाल टूट गया और उस पर बैठे सभी लोग कुए में जा गिरे। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में कुल 13 लोगों की मौत हुई है।
#UPDATE | Visuals from the spot where 13 women lost their lives during a wedding event last night. pic.twitter.com/E067gsiRFt
— ANI (@ANI) February 17, 2022
पीएम मोदी ने लोगों की मौत पर बृहस्पतिवार को शोक जताया और इसे हृदयविदारक बताया। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।’’ वहीं राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को हादसे में घायल लोगों के समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों में; पूजा (19), शशि कला (15), शकुंतला (35), ममता देवी (35), मीरा (25), पूजा (20), परी (एक), ज्योति (15), राधिका (16), सुंदरी (15), आरती (10), पप्पी (20) और मनु (18) शामिल हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 अन्य लोग जख्मी भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।