Bihar Election 2025: नित्यानंद राय ने राजद नेता तेजस्वी यादव को बताया लुटेरा, कहा- "जनता इनके झांसे में नहीं आने वाली"
By एस पी सिन्हा | Updated: October 22, 2025 17:17 IST2025-10-22T17:16:44+5:302025-10-22T17:17:23+5:30
Bihar Election 2025: उन्होंने कहा कि आगे भी महिलाओं, गरीबों और किसानों के हित में काम सिर्फ एनडीए की सरकार ही करेगी।

Bihar Election 2025: नित्यानंद राय ने राजद नेता तेजस्वी यादव को बताया लुटेरा, कहा- "जनता इनके झांसे में नहीं आने वाली"
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप के क्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी को “लुटेरा, भ्रष्टाचारी और परिवारवादी” बताते हुए उन पर कई गंभीर आरोप लगाए। नित्यानंद राय ने कहा कि तेजस्वी यादव के माता-पिता ने उस समय भी महिलाओं और बच्चों पर दमन किया, जब वे सत्ता में थे। यहां तक कि मां की गोद में सो रहे बच्चे के दूध तक का घोटाला किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजद ने चारा घोटाले के जरिए गरीबों का हक छीना और यह सब जनता आज भी याद रखे हुए है।
नित्यानंद राय ने कहा कि लालू यादव की सरकार में चारा घोटाले समेत कई बड़े घोटाले हुए। तेजस्वी बार-बार झूठ बोलते हैं, लेकिन जनता उन्हें अब और बर्दाश्त नहीं करेगी। उनका 'सुपड़ा' इस बार पूरी तरह साफ हो जाएगा। वहीं, एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि देश और बिहार में एनडीए की सरकार विकास के मार्ग पर अग्रसर है। जनता को अब फर्क साफ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जितना भी मायाजाल फैलाएं, बिहार की जनता उनके झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को अब असली और नकली विकास का फर्क पता चल गया है। नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव द्वारा संविदाकर्मियों को स्थायी करने की घोषणा को चुनावी स्टंट बताते हुए कहा कि जनता जानती है कि राजद के शासनकाल में वादे सिर्फ कागजों तक सीमित रहे।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने जो काम किए हैं, वही बिहार को आगे बढ़ा रहे हैं। नित्यानंद राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में जीविका दीदियों के लिए जो काम हुए हैं, उससे उनकी जिंदगी में खुशियां आई हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी महिलाओं, गरीबों और किसानों के हित में काम सिर्फ एनडीए की सरकार ही करेगी।
नित्यानंद राय ने राजद के शासनकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय बिहार में भ्रष्टाचार, अपराध और घोटालों का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि दूध घोटाले और चारा घोटाले से गरीबों का हक छीना गया। उस दौर में महिलाओं पर अत्याचार और नरसंहार आम बात थी। नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "विकसित भारत, विकसित बिहार" का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि मोदी और नीतीश की जोड़ी ही बिहार को तरक्की की राह पर ले जा सकती है। नित्यानंद राय ने कहा कि आज विकास के केंद्र में महिलाएं, युवा, किसान और गरीब हैं।