मादक पदार्थ तस्करी के मामले में युगांडा की दो महिलाएं, एक नाइजीरियाई पुरुष गिरफ्तार

By भाषा | Updated: February 5, 2021 17:05 IST2021-02-05T17:05:10+5:302021-02-05T17:05:10+5:30

Two Ugandan women, one Nigerian male arrested in drug trafficking case | मादक पदार्थ तस्करी के मामले में युगांडा की दो महिलाएं, एक नाइजीरियाई पुरुष गिरफ्तार

मादक पदार्थ तस्करी के मामले में युगांडा की दो महिलाएं, एक नाइजीरियाई पुरुष गिरफ्तार

नयी दिल्ली, पांच फरवरी स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस सिलसिले में युगांडा की दो महिलाओं और एक नाइजीरियाई पुरुष को गिरफ्तार किया गया है और उनसे हेरोइन तथा कोकीन जैसे नौ किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।

एनसीबी ने शुक्रवार को बताया कि कजिन्स जासेंट नाकालुंगी (42) और शरीफा नामगांडा (28) को 28 जनवरी को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरने के बाद पकड़ा गया था जिनके पास नामगांडा के इलाज के लिए मेडिकल वीजा था।

एजेंसी ने कहा कि दिसंबर में मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले का पता चलने के बाद एकत्र की गई जानकारी के आधार पर दोनों को पकड़ा गया। इस मामले में तब पांच किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई थी और दो भारतीयों को गिरफ्तार किया गया था।

एनसीबी के उपनिदेशक (संचालन) के पी एस मल्होत्रा ​​ने कहा, "महिलाओं से कुल आठ किलोग्राम हेरोइन और एक किलोग्राम कोकीन जब्त की गई है। मादक पदार्थ उनके सामान में छिपाकर रखे गए थे, जो उन्हें युगांडा में सौंपे गए थे।"

उन्होंने कहा कि इन महिलाओं द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर किंग्सले नाम के एक नाइजीरियाई नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Two Ugandan women, one Nigerian male arrested in drug trafficking case

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे