कांग्रेस विधायक अदेल सिंह कंसाना के पुत्र बंकू सहित 14 लोगों ने दो सिपाही को बीहड़ में ले जाकर जमकर पीटा, एफआईआर
By भाषा | Updated: October 9, 2019 21:05 IST2019-10-09T21:05:15+5:302019-10-09T21:05:47+5:30
उल्लेखनीय है कि धौलपुर की सागरपाडा पुलिस चौकी पर गश्त लगा रहे पुलिसकर्मी हरीओम और विजयपाल का सोमवार रात छह लोगों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था। पुलिस ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उन्हें राजस्थान-मध्य प्रदेश की सीमा के पास बीहड़ में ले जाकर, उनके साथ मारपीट की।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी अवैध बजरी खनन में शामिल है।
धौलपुर पुलिस ने दो सिपाहियों की कथित पिटाई के मामले में मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक के पुत्र सहित 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि धौलपुर की सागरपाडा पुलिस चौकी पर गश्त लगा रहे पुलिसकर्मी हरीओम और विजयपाल का सोमवार रात छह लोगों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था। पुलिस ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उन्हें राजस्थान-मध्य प्रदेश की सीमा के पास बीहड़ में ले जाकर, उनके साथ मारपीट की।
पुलिस के मुताबिक दोनों पुलिसकर्मियों ने उनके चंगुल से बचकर धौलपुर पुलिस से सम्पर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को उपचार के लिये स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पुलिसकर्मियों ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस के विधायक अदेल सिंह कंसाना के पुत्र बंकू कंसाना पर अपहरणकर्ताओं को उनकी पिटाई करने का निर्देश देने का आरोप लगाया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल सिंह कछावा ने बताया कि कोतवाली थाने में 14 आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। विधायक के पुत्र बंकू कंसाना का नाम भी एफआईआर में शामिल है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी अवैध बजरी खनन में शामिल है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किये जा रहे हैं।