उत्तर गोवा में दो दिन के भीतर दो रूसी महिलाएं मृत मिलीं
By भाषा | Updated: August 21, 2021 16:42 IST2021-08-21T16:42:34+5:302021-08-21T16:42:34+5:30

उत्तर गोवा में दो दिन के भीतर दो रूसी महिलाएं मृत मिलीं
गोवा में अलग-अलग घटनाओं में पिछले दो दिनों के दौरान दो रूसी महिलाएं समुद्र किनारे के एक गांव में स्थित अपने आवासों में मृत मिलीं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया रूस की 24 वर्षीय एलेक्जेंद्रा जावी बृहस्पतिवार देर रात किराये के अपने मकान की छत के पंखे से लटकी मिली, जबकि उसकी 34 वर्षीय हमवतन एकातेरिना तितोवा का शव शुक्रवार को उसके अपार्टमेंट में मिला। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘वे सियोलिम गांव में अलग-अलग जगहों पर रह रहीं थीं। उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए, लेकिन हम दोनों मामलों की सभी कोणों से जांच कर रहे हैं।’’ पुलिस अधिकारी ने कहा कि अब तक की गई जांच से पता चला है कि दोनों महिलाओं का आपस में कोई संबंध नहीं था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।