राजस्थान के राजगढ़ में अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की हत्या
By भाषा | Updated: September 27, 2021 14:32 IST2021-09-27T14:32:29+5:302021-09-27T14:32:29+5:30

राजस्थान के राजगढ़ में अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की हत्या
जयपुर, 27 सितंबर राजस्थान के अलवर जिले में दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों की हत्या कर दी गई। दोनों घटनाएं राजगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में हुईं।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम छिलोड़ी गांव में संपत बैरवा खेत में काम कर रहा था जब आरोपी शाहरूख ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी एक अन्य व्यक्ति प्रभुदयाल को कृषि कार्य के बहाने अपने साथ लेकर गया और उसी तरीके से उसकी हत्या करने का प्रयास किया। लेकिन इस बार वह विफल रहा।
उन्होंने बताया कि इस घटना के लगभग सात घंटे बाद एक अन्य घटना में, रविवार रात जयराम यादव की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के वक्त वह अपने निर्माणाधीन मकान के बाहर सो रहा था।
राजगढ़ के थानाधिकारी विनोद सामरिया ने कहा कि दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं और हत्या के दोनों मामलों में कोई संबंध नहीं है। दोनों मामलों की जांच की जा रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।