कैब सर्विस के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में दो व्यक्ति गिरफ्तार
By भाषा | Updated: August 7, 2021 15:07 IST2021-08-07T15:07:13+5:302021-08-07T15:07:13+5:30

कैब सर्विस के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में दो व्यक्ति गिरफ्तार
नोएडा, सात अगस्त थाना फेस-3 पुलिस ने कैब सर्विस चलाने के नाम से कंपनी खोलकर लोगों को निवेश की जाने वाली राशि तीन वर्ष में तीन गुनी करने का प्रलोभन देखकर धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज करके शनिवार को दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) अंकुर अग्रवाल ने बताया कि थाना फेस-3 में रुचि चौधरी ने इस आरोप में मामला दर्ज कराया था कि दीपक तथा विपिन तोमर आदि ने कार सेवा सर्विस के नाम से एक कंपनी खोली और यह प्रलोभन दिया कि उनकी कंपनी में एक कार के लिए 3 लाख रुपये लगाने वाले को 3 वर्ष तक 25 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र व देश के विभिन्न जगहों पर रहने वाले लोगों से करोड़ों रुपये अपनी कंपनी में निवेश करवाये और धोखाधड़ी करके निवेशकों का पैसा हड़प लिया।
अपर उपायुक्त ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस ने शनिवार को दीपक तथा विपिन तोमर नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि इस कंपनी में कुछ और लोग शामिल हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।