छत्तीसगढ़ के सुकमा में मुठभेड़ के बाद दो नक्सली गिरफ्तार
By भाषा | Updated: January 23, 2021 23:27 IST2021-01-23T23:27:51+5:302021-01-23T23:27:51+5:30

छत्तीसगढ़ के सुकमा में मुठभेड़ के बाद दो नक्सली गिरफ्तार
सुकमा, 23 जनवरी छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के बाद दो नक्सली गिरफ्तार किए गए। यह जानकारी शनिवार को पुलिस ने दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम के तलाशी अभियान में धानीकोरथा और कोरमागोंडी गांवों के बीच जंगलों से शुक्रवार को कवासी मासा (30) और मुचकी बुधरा (30) को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि संयुक्त अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान शामिल थे।
गश्ती दल जब इलाके की घेराबंदी कर रहा था उस समय नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
अधिकारी ने बताया कि संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद नक्सली फरार हो गए, लेकिन वहां से दो नक्सलियों को पकड़ लिया गया। उनसे पांच किलोग्राम टिफिन बम, पांच डेटोनेटर आदि बरामद किया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।