ठाणे, पांच दिसंबर महाराष्ट्र के ठाणे शहर में दो बच्चे पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। घटना शनिवार को शिवई नगर इलाके की है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
वर्तक नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सदाशिव निकम ने बताया कि दोनों बच्चों की उम्र 11 साल थी। उन्होंने बताया कि दोनों अपने घरों से बाहर निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे जिसके बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण) के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। उन्होंने कहा कि दोनों के शव रविवार अपराह्न करीब दो बजे इलाके में स्थित गंदे पानी के गड्ढे में देखे गए।
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय दमकलकर्मियों ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण भरे गड्ढे से शवों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अभिषेक बबलू शर्मा और कृष्णा मनोज गौड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि दोनों ने मछली पकड़ने या तैरने के लिए गड्ढे में प्रवेश किया होगा और उसमें डूब गए होंगे क्योंकि उनके कपड़े पास में मिले हैं। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।