सीमा विवाद पर चर्चा के लिए असम के दो मंत्री मिजोरम का दौरा करेंगे

By भाषा | Updated: August 2, 2021 22:20 IST2021-08-02T22:20:39+5:302021-08-02T22:20:39+5:30

Two Assam ministers to visit Mizoram to discuss border dispute | सीमा विवाद पर चर्चा के लिए असम के दो मंत्री मिजोरम का दौरा करेंगे

सीमा विवाद पर चर्चा के लिए असम के दो मंत्री मिजोरम का दौरा करेंगे

गुवाहाटी, दो अगस्त असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि राज्य के दो मंत्री अतुल बोरा और अशोक सिंघल पांच अगस्त को आइजोल जाएंगे जहां वे मिजोरम के साथ पुराने सीमा विवाद पर वार्ता करेंगे।

सरमा ने कहा कि मिजोरम के दो वरिष्ठ अधिकारियों -- कोलासीब जिले के उपायुक्त और वायरेंगटे के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मैं अपने कैबिनेट सहयोगियों अतुल बोरा और अशोक सिंघल को सार्थक वार्ता के लिए पांच अगस्त 2021 को आइजोल भेज रहा हूं। असम अपनी सीमाओं पर शांति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे कि शांतिपूर्ण एवं विकसित पूर्वोत्तर का रास्ता प्रशस्त हो सके।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि माननीय मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने मिजोरम पुलिस से 26 जुलाई को हमारे अधिकारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने के लिए कहा है। मैं इसका दिल से स्वागत करता हूं और असम पुलिस से कहता हूं कि कोलासीब के डीसी एवं एसडीपीओ के खिलाफ दर्ज मामले वापस लें।’’

इससे पहले सरमा ने कहा कि उन्होंने असम पुलिस को निर्देश दिया है कि मिजोरम के सांसद के. वनलालवेना के खिलाफ दर्ज मामला वापस ले, जिनके खिलाफ दोनों राज्यों की पुलिस के बीच घातक संघर्ष में कथित भूमिका के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

बहरहाल उन्होंने कहा कि मिजोरम के अन्य अधिकारियों के खिलाफ हिंसा के सिलसिले में दर्ज मामलों की जांच जारी रहेगी।

दोनों राज्यों की सीमा पर 26 जुलाई को हुए संघर्ष में असम पुलिस के छह जवान एवं एक नागरिक की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Two Assam ministers to visit Mizoram to discuss border dispute

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे