लाइव न्यूज़ :

चुनाव प्रचार के लिए त्रिपुरा पहुंचे तृणमूल महासचिव, घोष की गिरफ्तारी पर बंगाल में प्रदर्शन

By भाषा | Updated: November 22, 2021 18:46 IST

Open in App

अगरतला, 22 नवंबर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की युवा नेता सायनी घोष को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब की बैठक को कथित रूप से बाधित करने के कारण गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी नगर निकाय चुनावों के लिए प्रचार करने के मकसद से सोमवार को यहां पहुंचे।

इससे पहले, बनर्जी के आगमन से ठीक पहले अगरतला हवाई अड्डे पर एक संदिग्ध थैला मिला। बाद में उसे वहां से हटा दिया गया। बनर्जी 25 नवंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।

बनर्जी ने तृणमूल समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं पर यहां रविवार को एक पुलिस थाने में ‘‘हमला किए जाने’’ की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बुरी तरह चरमरा गई है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के गुंडों ने जिस प्रकार पुलिस थाने में हमारे समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं पर हमला किया, उससे यही साबित होता है कि राज्य में जंगल राज है। त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भाजपा तुच्छ राजनीतिक हितों के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन यह लंबे समय तक जारी नहीं रहेगा। हम उनका मुकाबला करेंगे... बिप्लब देब के नेतृत्व वाली सरकार तृणमूल कांग्रेस को चुप नहीं करा पाएगी।’’

त्रिपुरा पुलिस ने घोष को लोगों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने और हत्या के प्रयास के आरोपों में रविवार को गिरफ्तार किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री की एक नुक्कड़ सभा को कथित रूप से बाधित करने के लिए ‘खेला होबे’ का नारा लगाया था। घोष के साथ पहुंचे कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री की सभा के दौरान कथित तौर पर पथराव किया था।

तृणमूल युवा कांग्रेस अध्यक्ष घोष को यहां अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। घोष को गिरफ्तार करके जिस पुलिस थाने ले जाया गया था, वहां कई तृणमूल समर्थक एकत्र हुए। इन समर्थकों पर रविवार को कथित रूप से हमला हुआ।

बनर्जी ने ट्वीट कर त्रिपुरा की भाजपा सरकार पर राजनीतिक दलों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकारों पर उच्चतम न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने रविवार सुबह को किए गए कथित हमले का वीडियो ट्विटर पर साझा किया और मुख्यमंत्री बिप्लब देब पर निशाना साधते हुए कहा, '' वह हमारे समर्थकों और महिला उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय हमला करने के लिए लगातार गुंडे भेज रहे हैं। त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भाजपा लोकतंत्र का मजाक बना रही है।''

न्यायालय ने हाल में त्रिपुरा पुलिस को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि किसी भी राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण तरीके से प्रचार करने के अधिकार से वंचित नहीं किया जाए।

इस बीच, घोष की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने सोमवार सुबह पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भाजपा के मुख्यालय में तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की तस्वीरें चिपकाईं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने कोलकाता के बीचों-बीच मार्च निकालने से पहले भाजपा के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया। पश्चिम बंगाल में अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार के प्रदर्शन हुए।

विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले तृणमूल कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि उनकी पार्टी के सदस्य भाजपा को बताना चाहते हैं कि अगर वे चाहते तो वे भगवा खेमे के कार्यालय पर नियंत्रण कर सकते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के कार्यालय के बाहर ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की तस्वीरें चिपका कर हमने साबित कर दिया है कि यदि तृणमूल चाहती, तो वह कार्यालय पर कब्जा कर सकती थी, लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे। तृणमूल लोकतंत्र को कायम रखने में भरोसा करती है।’’

इसके जवाब में भाजपा नेता जय प्रकाश मजूमदार ने कहा, ‘‘हां, इसकी संभावना है। पहले कार्यालय में पुलिस भेजी गई थी और अब बदमाशों को भेजा गया है।’’

इस बीच, तृणमूल महासचिव के अगरतला आने से पहले महाराजा वीर विक्रम हवाई अड्डे पर एक लावारिस थैला मिला, जिसमें बम होने की आशंका के कारण पूरे इलाके की तत्काल घेराबंदी कर दी गई और उसे खाली करा दिया गया।

हवाई अड्डे पर एक अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कोलकाता से आए एक यात्री ने हवाई अड्डे पर यह थैला छोड़ा।

उन्होंने कहा कि बम खतरा आकलन समिति ने इसे 'गैर विशिष्ट खतरा' घोषित किया और मानक संचालन प्रक्रियाएं जारी हैं।

अधिकारी ने कहा कि पूरी जांच के बाद ही कोलकाता से यात्री यहां आए हैं, लेकिन बम होने का खतरा कम है। उन्होंने बताया कि थैला छोड़कर जाने वाले यात्री का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटइंडियन प्रीमियर लीग में भुवनेश्वर कुमार ने जड़ा 'दोहरा शतक', ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज, जानें पहले पायदान पर कौन?

क्रिकेट37 के साथ सबसे आगे CSK?, आईपीएल में सबसे ज्यादा 200 से अधिक रन बनाने वाली टीमें, देखिए टॉप-5 लिस्ट

क्राइम अलर्टमैडम दुकान के सामने गाड़ी मत लगाओ, ग्राहक को आने में दिक्कत होगी?, 78 वर्षीय दुकानदार को महिला उपनिरीक्षक ने थप्पड़ मारा, प्राथमिकी दर्ज

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

पूजा पाठPanchang 06 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

भारत अधिक खबरें

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल