लाइव न्यूज़ :

हिन्दुओं की भावनाओं के साथ खेल रही है तृणमूल कांग्रेस : योगी आदित्यनाथ

By भाषा | Updated: March 16, 2021 22:44 IST

Open in App

बलरामपुर/रायपुर/बेल्दा (पश्चिम बंगाल), 16 मार्च पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार कर रहे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार भगवान राम से जुड़ी किसी भी बात का ‘‘जबरन विरोध’ कर रही है। साथ ही उन्होंने अपने राज्य (उत्तर प्रदेश) की एक पार्टी से सीख लेने की नसीहत देते हुए कहा कि ऐसा करने के कारण ही ‘अब वह कहीं नजर नहीं आ रही है।’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर हिन्दुओं की भावनाओं से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए भाजपा के स्टार प्रचारक ने कहा कि अगर उन्होंने अपना रास्ता नहीं बदला (भगवान राम का विरोध करना बंद नहीं किया) तो जनता उन्हें सत्ता से हटा देगी।

समाजवादी पार्टी (सपा) का नाम लिए बगैर इस संदर्भ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरे राज्य में भी एक सरकार थी जो भगवान राम का विरोध करती थी, अब वह कहीं नहीं है।’’

आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में (भगवान) राम के जबरन विरोध की कोशिश की जा रही है... राज्य सरकार हिन्दुओं की भावनाओं के साथ खेल रही है। मैं ममता दीदी से आग्रह करता हूं कि वह राम का विरोध ना करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जिन्होंने भी राम का विरोध किया है वे सत्ता में रहने में असफल रहे हैं। जनता ने उन्हें हटा दिया है। और यह प्रत्यक्ष है कि इस राज्य में ‘जय श्री राम’ बोलने पर पाबंदी होने के कारण यह सभी की जुबान पर है।’’

गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार ने 1990 में अयोध्या की ओर कूच कर रहे कार सेवकों पर गोली चलाने का आदेश पुलिस को दिया था और उसके बाद चुनाव में वह सत्ता से बाहर हो गई थी।

आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि ‘जय श्री राम’ का उपयोग सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ता नहीं करते हैं, लोग भी एक-दूसरे के साथ अभिवादन के लिए भी ‘जय श्री राम’ बोलते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘एक व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद भी अंतिम संस्कार के समय ‘राम नाम सत्य है’ बोला जाता है । राम हमारी हर सांस में हैं। राम से हमें कोई अलग नहीं कर सकता।’’

भाजपा नेता ने कहा कि भगवान राम के विरोध का तृणमूल कांग्रेस का प्रयास सफल नहीं होगा।

गौरतलब है कि मई, 2019 में उत्तर 24 परगना जिले के भाटपारा में मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरते समय कुछ लोगों ने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया था, जिसके बाद बनर्जी अपनी कार से उतरी थीं और नारा लगाने वालों पर बरसीं थी।

हाल की घटना का जिक्र करें तो कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में ‘जय श्री राम’ का नारा लगाए जाने पर बनर्जी ने आपत्ति जतायी थी और कार्यक्रम में भाषण देने से मना कर दिया था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केन्द्र की सत्ता में आने के बाद लोगों की मानसिकता में बदलाव लेकर आयी है, उससे पहले लोगों के एक धड़े को लगता था कि मंदिर जाने से उनकी धर्मनिरपेक्ष छवि खराब हो जाएगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि यही बदलाव ममता बनर्जी को भी मंदिर जाने और सार्वजनिक रूप से ‘चंडी पाठ’ करने को मजबूर कर रहे हैं।

पुरुलिया जिले के बलरामपुर में आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘क्या यह बदलाव नहीं है? यह नया भारत है। प्रत्येक व्यक्ति को भगवान की शरण में जाना है।’’

‘चंडी पाठ’ सनातन धर्म में मंत्रोच्चार के माध्यम से माता की पूजा की सबसे पुरानी और पूर्ण प्रक्रिया है।

चुनाव के दौरान मंदिर जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जब वे (राहुल) वहां गए तो पुजारी को उन्हें बैठने का उचित तरीका बताना पड़ा।’’

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि संविधान में अनुच्छेद 370 को शामिल करके ‘‘देश में आतंकवाद का बीज बोया गया।’’

संविधान का अनुच्छेद 370 स्वायतता के मामले में जम्मू-कश्मीर राज्य को विशेष दर्जा देता था और उसे अपने निवासियों के लिए कानून बनाने का अधिकार भी देता था।

आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘1952 में कांग्रेस ने जबरन संविधान में अनुच्छेद 370 शामिल करके देश में आतंकवाद का बीज बोया। नरेंद्र मोदी नीत भाजपा सरकार ने जम्मू-कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 को समाप्त किया ताकि देश आगे बढ़ सके।’’

भाजपा को वादा निभाने वाली पार्टी बताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उदाहरण दिया।

केन्द्र और राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार होने के फायदे गिनाते हुए आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में सफलतापूर्वक पूरी हुई कई परियोजनाओं के नाम लिए।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में है, वे केन्द्र सरकार की मदद से डबल इंजन सरकार का फायदा उठा रहे हैं। आप देख सकते हैं कि महज चार साल में उत्तर प्रदेश में कम से कम 40 लाख लोगों को मताधिकार मिला है और एक करोड़ से ज्यादा लोगों को बिजली आपूर्ति की जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘करीब छह करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना में पंजीकृत किया गया है और पीएम-किसान के लिए दो करोड़ से ज्यादा लोगों को सूचीबद्ध किया गया है। उत्तर प्रदेश में पिछले चार साल में कम से कम 30 नए मेडिकल कॉलेज खुले हैं। उत्तर प्रदेश आगे बढ़कर देश का नेतृत्व कर रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में भी ऐसा हो सकता था। कांग्रेस, माकपा ने कुछ नहीं किया, और ना ही तृणमूल कांग्रेस ने। इसलिए लोगों को भाजपा को वोट देना चाहिए और तृणमूल कांग्रेस की ‘गुंडागर्दी’, ‘तोलाबाजी’ और ‘कमीशन’ संस्कृति को समाप्त करना चाहिए।’’

आदित्यनाथ ने कहा कि अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता में आयी तो पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या करने वालों को सजा दिलायी जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह स्वामी (विवेकानंद) रबिन्द्रनाथ (ठाकुर), श्यामा प्रसाद (मुखर्जी) की धरती है जिन्होंने पूरे देश को प्रेरित किया है। लेकिन अब यह तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडों और ‘तोलाबाज’ की धरती बन गयी है।’’

आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि ममता दीदी की सरकार के अब गिने-चुने दिन ही बचे हैं। राज्य के लोगों ने उन्हें सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। उनके सिर्फ 45 दिन बचे हैं।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आज पश्चिम बंगाल में तीन चुनावी रैलियों... बलरामपुर (पुरुलिया जिला), रायपुर (बांकुड़ा) और बेल्दा (पश्चिम मेदिनिपुर) को संबोधित किया।

राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 मार्च से आठ चरणों में चुनाव हो रहा है। वोटों की गिनती दो मई को होनी है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRR vs MI Match Preview: राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस लाइव स्कोर, गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में, देखें मैच का लाइव स्कोरकार्ड अपडेट

क्राइम अलर्टदो बच्चों की मां शिवानी प्रेमी विशाल संग फरार?, वीडियो वायरल कर कहा-पति पवन के साथ नहीं रहना

ज़रा हटकेदो गैर मर्दों के साथ बहू के नाजायज रिश्ते?, सास ने बहू को घर आए मेहमान के साथ आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथ पकड़ा?

कारोबार8th Pay Commission: शुरू हुई 8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया, लेकिन सैलरी में बढ़ोतरी तुरंत नहीं

क्रिकेटटी20 विश्व कप में भारत विरोध भारी?, बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल पर गाज, तमीम इकबाल पर खेला दांव?

भारत अधिक खबरें

भारतअसम का चुनाव अच्छा चल रहा, पवन खेड़ा के बड़बोलेपन की वजह से कांग्रेस की छवि को नुकसान?, उद्धव ठाकरे के प्रवक्ता आनंद दुबे बरसे, वीडियो

भारतहैदराबाद में हैं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, दिल्ली घर पर असम पुलिस ने की छापेमारी?, दिल्ली पुलिस की टीम कर रही मदद, वीडियो

भारतNBEMS GPAT 2026: आ गया जीपैट का रिजल्ट, डायरेक्ट लिंक से चेक करें अपना स्कोर

भारतMBOSE SSLC 10th Result 2026: कक्षा 10 का परिणाम घोषित?, परिणाम देखने के लिए इस लिंक पर जाइये

भारतKarnataka 2nd PUC Result 2026: रोल नंबर तैयार रखें, कभी भी आ सकता है रिजल्ट