जयपुर में व्यावसायिक गतिविधियों पर लगा ‘ट्रेड लाइसेंस’ शुल्क स्थगित
By भाषा | Updated: September 10, 2021 19:39 IST2021-09-10T19:39:07+5:302021-09-10T19:39:07+5:30

जयपुर में व्यावसायिक गतिविधियों पर लगा ‘ट्रेड लाइसेंस’ शुल्क स्थगित
जयपुर 10 सितंबर राज्य सरकार ने जयपुर नगर निगम हेरिटेज व ग्रेटर द्वारा विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों पर लागू किये गये ‘ट्रेड लाइसेंस’ शुल्क को स्थगित कर दिया है। अनेक व्यापारिक संगठन इस शुल्क का विरोध कर रहे थे।
एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस शुल्क को स्थगित कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि यह शुल्क जयपुर नगर निगम हेरिटेज व ग्रेटर द्वारा विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों पर लागू किया गया है। मुख्य सचेतक महेश जोशी, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक अमीन कागजी व गंगादेवी इस शुल्क को रोकने के लिए स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल से मिले थे।
विभिन्न व्यापारिक संगठनों द्वारा भी इस संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत किये गए। राज्य सरकार ने वर्तमान में कोरोना महामारी मद्देनजर उपरोक्त शुल्कों की क्रियान्विति को राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 327 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही नगर निगम जयपुर हेरिटेज एवं ग्रेटर को निर्देशित किया है कि इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मय रिकॉर्ड निदेशालय स्थानीय निकाय को पेश करें।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।