Top News, 31st July, 2019: आज देशभर में 3 लाख से अधिक डॉक्टर हड़ताल पर, इन बड़ी खबरों पर भी होगी नजर
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: July 31, 2019 08:26 IST2019-07-31T08:26:24+5:302019-07-31T08:26:24+5:30
नेशनल मेडिकल काउंसिल बिल- 2019 के खिलाफ आज देशभर में 3 लाख से अधिक डॉक्टर हड़ताल पर हैं। जानिए, आज किन बड़ी खबरों पर होगी नजर...

NMC बिल के खिलाफ डॉक्टर
NMC बिल के खिलाफ डॉक्टरों की हड़ताल
नेशनल मेडिकल काउंसिल बिल- 2019 के खिलाफ आज देशभर में 3 लाख से अधिक डॉक्टर हड़ताल पर होंगे। इस बिल के विरोध में आईएमए ने देशभर में 24 घंटे के लिए गैर आवश्यक सेवाएं ठप करने का आह्वान किया है। हड़ताल के दौरान आपात, दुर्घटना, आईसीयू और अन्य संबंधित सेवाएं अप्रभावित रहेंगी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) का कहना है कि यह विधेयक गरीबों, छात्रों और लोकतंत्र का विरोधी है।
बीजेपी में शामिल होंगे संजय सिंह
कांग्रेस नेता और गांधी परिवार के करीबी माने जाने वाले संजय सिंह आज बीजेपी में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने मंगलवार को पार्टी एवं राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अमेठी राजघराने से ताल्लुक रखने वाले सिंह ने पार्टी छोड़ने की घोषणा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और दावा किया कि यह पार्टी अब भी अतीत में जी रही है और भविष्य को लेकर अनभिज्ञ है। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को भाजपा में शामिल होंगे। संजय सिंह से पहले समाजवादी पार्टी के नीरज शेखर भी पार्टी और राज्यसभा की सदस्यता छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। सिंह और शेखर दोनों का ताल्लुक उत्तर प्रदेश से है जहां की विधानसभा में भाजपा के पास प्रचंड बहुमत है।
महेंद्र सिंह धोनी आज से आर्मी ड्यूटी पर
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज से कश्मीर में सेना के साथ अपनी ड्यूटी की शुरुआत करेंगे। धोनी 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन के साथ पेट्रोलिंग करेंगे। साथ ही वह गार्ड और पोस्ट ड्यूटी भी करते दिखेंगे।
प्रो-कबड्डी लीग में आज दो अहम मुकाबले
प्रो-कबड्डी लीग में जहां एक ओर हरियाणा स्टीलर्स का सामना जयपुर पिंक पैंथर्स से होगा। वहीं, दूसरे मुकाबले में यू मुंबा और यूपी योद्धा की टीमें आमने-सामने होंगी। पहला मैच मुंबई के सरदार वल्लभभाई पटेल इंडोर स्टेडियम में बुधवार को भारतीय समय के अनुसार शाम 7.30 बजे खेला जाएगा। हरियाणा स्टीलर्स की टीम ने प्रो कबड्डी लीग के सातवें सीजन में अब तक दो मैच खेले है और टीम को एक मैच में जीत मिली है, जबकि एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। हरियाणा ने पहले मैच में पुणेरी पल्टन को 34-24 से मात दी थी, जबकि दूसरे मैच में दबंग दिल्ली ने एकतरफा मुकाबले में हरियाणा को 41-21 से हराया था। दूसरा मुकाबला मुंबई में रात साढ़े 8 बजे से खेला जाना है।