तीरथ सिंह रावत होंगे उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री, आज ही होगा शपथ ग्रहण

By भाषा | Updated: March 10, 2021 17:01 IST2021-03-10T17:01:30+5:302021-03-10T17:01:30+5:30

Tirath Singh Rawat will be the next Chief Minister of Uttarakhand, will be sworn in today only | तीरथ सिंह रावत होंगे उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री, आज ही होगा शपथ ग्रहण

तीरथ सिंह रावत होंगे उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री, आज ही होगा शपथ ग्रहण

देहरादून, 10 मार्च उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से भाजपा के सांसद तीरथ सिंह रावत राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें बुधवार को यहां संपन्न हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी का नेता चुना गया।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विधायक दल की बैठक के बाद तीरथ सिंह रावत के नाम की घोषणा की। तीरथ सिंह रावत अपराह्न चार बजे राजभवन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेंगे।

विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह और प्रदेश पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम भी उपस्थित थे।

त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

गढ़वाल के कलगीखल विकासखंड के सीरों में नौ अप्रैल 1964 को जन्मे तीरथ सिंह रावत छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। वह हेमवती नंदन बहुगुना गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

रावत वर्ष 2012 से 2017 के बीच उत्तराखंड विधानसभा के सदस्य भी रहे हैं। उन्होंने विधानसभा में चौबट्टाखाल क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे हैं।

उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। राज्य के गठन के बाद वह यहां की पहली सरकार में शिक्षा मंत्री भी रहे।

रावत को मुख्यमंत्री बनाए जाने का भाजपा नेतृत्व को फैसला चौंकाने वाला रहा। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में धन सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट और अनिल बलूनी के नामों की चर्चा थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Tirath Singh Rawat will be the next Chief Minister of Uttarakhand, will be sworn in today only

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे