'यह पूरा षड्यंत्र मोदी और अमित शाह ने रचा': दिल्ली शराब घोटाले में बरी होने के बाद केजरीवाल
By रुस्तम राणा | Updated: February 27, 2026 16:50 IST2026-02-27T16:47:44+5:302026-02-27T16:50:11+5:30
केजरीवाल ने शुक्रवार इसे एक षड्यंत्र बताया और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया और उन्होंने उनसे मांफी मांगने की मांग की।

'यह पूरा षड्यंत्र मोदी और अमित शाह ने रचा': दिल्ली शराब घोटाले में बरी होने के बाद केजरीवाल
नई दिल्ली: दिल्ली शराब नीति मामले में दिल्ली की एक अदालत से बरी होने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने शुक्रवार इसे एक षड्यंत्र बताया और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया और उन्होंने उनसे मांफी मांगने की मांग की। उन्होंने, "यह पूरा षड्यंत्र प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने रचा, उन दोनों को देश से माफी मांगनी चाहिए..."
इससे पहले कोर्ट के फैसले के बाद आप संयोजक ने अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "देश भर के लोगों ने जिन्होंने इतने कठिन समय में हमारा साथ दिया मैं उनका धन्यवाद करता हूं।"
#WATCH | दिल्ली: AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "देश भर के लोगों ने जिन्होंने इतने कठिन समय में हमारा साथ दिया मैं उनका धन्यवाद करता हूं। आप जानते हैं कि किस तरह पिछले 4 साल से ED, CBI और सारी संस्थाओं का इस्तेमाल करके हमारे ऊपर शराबा घोटाला नामक एक आरोप लगाया… pic.twitter.com/ZTw2XMJlFC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 27, 2026
केजरीवाल ने आगे कहा, "आप जानते हैं कि किस तरह पिछले 4 साल से ईडी, सीबीआई और सारी संस्थाओं का इस्तेमाल करके हमारे ऊपर शराबा घोटाला नामक एक आरोप लगाया गया। सीबीआई, ईडी ने उसमें चार्जशीट दाखिल की। आज कोर्ट ने लगभग 600 पेज के आदेश में कहा है कि इतना भी सबूत नहीं है कि इसमें मुकदमा भी चलाया जा सके। कोर्ट का कहना है कि इतना गलत, फर्जी केस है कि इसमें मुकदमा भी नहीं चलाया जा सकता।"
दिल्ली की बहुचर्चित शराब नीति से जुड़े मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को आरोपों से बरी कर दिया है। कोर्ट की ओर से दोनों को क्लीन चीट मिली है।
केजरीवाल ने कहा, ''यह एक ऐतिहासिक फैसला है। मैं इसके लिए ज्यूडिशियरी को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं इसके लिए जज को धन्यवाद देना चाहता हूं। आज के माहौल में, जब सभी इंस्टीट्यूशन, सभी अथॉरिटी को खतरा हो रहा है, ऐसे में इतना बड़ा न्याय करने के लिए जज ने बहुत हिम्मत दिखाई है। मैं उन सभी वकीलों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने इस लड़ाई में हमारा साथ दिया।''