उनकी इतनी हैसियत नहीं है कि वे पंचायती करें, राज्यवर्धन ने खड़गे को 'रबर स्टांप' कहा तो बोले अशोक गहलोत- भाजपा अपना घर संभाले
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 20, 2022 16:05 IST2022-10-20T16:02:50+5:302022-10-20T16:05:24+5:30
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि उसके नेताओं ने जहां अंग्रेजों की मुखबिरी की, वहीं कांग्रेस का बलिदान का इतिहास आजादी से पहले का है। गहलोत ने कहा, ‘‘इन्होंने आजादी की जंग में मुखबिरी की है...

उनकी इतनी हैसियत नहीं है कि वे पंचायती करें, राज्यवर्धन ने खड़गे को 'रबर स्टांप' कहा तो बोले अशोक गहलोत- भाजपा अपना घर संभाले
जयपुरः राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा को सलाह दी कि वह कांग्रेस की पंचायती करने के बजाय अपना घर संभाले। इसके साथ ही गहलोत ने भाजपा नेताओं पर नयी पीढ़ी को गुमराह करने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड़ द्वारा कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ‘रबर स्टांप’ करार दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने कहा कि ‘‘भाजपा से कहें अपना घर संभाले, पंचायती करना छोड़ दें। बकौल गहलोत- वे कांग्रेस की ज्यादा पंचायती नहीं करें। उनकी इतनी हैसियत नहीं है कि वे पंचायती करने के लायक हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि उसके नेताओं ने जहां अंग्रेजों की मुखबिरी की, वहीं कांग्रेस का बलिदान का इतिहास आजादी से पहले का है। गहलोत ने कहा, ‘‘इन्होंने आजादी की जंग में मुखबिरी की है... आरएसएस और भाजपा के पहले के कई लोग ऐसे थे जो उस जमाने में अंग्रेजों की मुखबिरी करते थे। इन्होंने आजादी के आंदोलन में भाग लिया नहीं... कांग्रेस के त्याग, बलिदान की कहानी तो आजादी से पहले की है।’’
'इन लोगों को शर्म भी नहीं आती'
राज्यवर्धन राठौर के बयान पर गहलोत ने आगे कहा कि ‘‘...इन लोगों को शर्म भी नहीं आती। ये नए नए लड़के आ गए। वे समझते नहीं है कि उन्हें पहले इतिहास पढ़ना चाहिए। बोलना सीखना चाहिए ताकि कम से कम उनकी छवि खराब नहीं हो। वरना इतिहास पढ़ने वाले लोग उनकी हंसी उड़ाते हैं। इनको कोई ज्ञान तो है नहीं। क्या है रबड़ स्टांप? ... कल सोनिया गांधी खुद उनके (खड़गे के) घर गईं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘खरगे साहब चाहते थे कि वह जाएं सोनिया गांधी के यहां... वे (सोनिया गांधी) बीते 24 साल से कांग्रेस की सेवा कर रही हैं। कांग्रेस को एकजुट रखा है। दो बार संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार बनाई है। अधिकांश राज्यों में सरकारें बनवाईं।'' गहलोत ने कहा कि आज देश में अगर सम्मान पाने वाला कोई नेता है तो वह सोनिया गांधी है।
आजादी के वक्त देश में सुई तक नहीं बनती थीः गहलोत
भाजपा नेताओं द्वारा 70 साल में देश में हुई प्रगति पर सवाल उठाए जाने पर गहलोत ने कहा, ‘‘70 साल में कुछ नहीं हुआ, इससे बड़ा झूठ तो मैं समझता हूं कि कुछ नहीं होगा कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ। जो कुछ हुआ 70 साल में हुआ है... आजादी के वक्त देश में सुई तक नहीं बनती थी।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘नयी पीढ़ी को मालूम नहीं ये बातें। उसे गुमराह कर रहे हैं यो लोग। सत्ता में आने के बाद में बड़ा दिल रखना चाहिए, नयी पीढ़ी को समझाना चाहिए। अच्छी बात बतानी चाहिए अच्छे संस्कार देने चाहिए व अच्छी परंपरा बनानी चाहिए... ये उल्टा चल रहे हैं। ये लोग धर्म के नाम पर जाति के नाम पर वर्तमान पीढ़ी को बिगाड़ रहे हैं, बर्बाद कर रहे हैं।’’ खरगे ने शशि थरूर को हराकर कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है, नतीजे बुधवार को घोषित किए गए।
भाषा इनपुट