सेना की पश्चिमी कमान ने विशिष्ट सैनिकों को सम्मानित किया

By भाषा | Updated: February 6, 2021 22:04 IST2021-02-06T22:04:38+5:302021-02-06T22:04:38+5:30

The Western Command of the Army honored distinguished soldiers | सेना की पश्चिमी कमान ने विशिष्ट सैनिकों को सम्मानित किया

सेना की पश्चिमी कमान ने विशिष्ट सैनिकों को सम्मानित किया

जम्मू, छह फरवरी सेना की पश्चिमी कमान ने पंजाब में आयोजित एक समारोह में अपने विशिष्ट एवं वीर सैनिकों को शनिवार को सम्मानित किया।

एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सैनिकों को असाधारण बहादुरी, कर्तव्य के प्रति सराहनीय समर्पण और राष्ट्र के प्रति विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया है।

पश्चिमी कमान, भारतीय सेना की सबसे बड़ी कमानों में से एक है और उसके पास जम्मू कश्मीर समेत मुल्क की पश्चिमी सीमाओं पर अभियान चलाने की जिम्मेदारी है।

प्रवक्ता ने बताया कि इस आधिकारिक समारोह का आयोजन पश्चिमी कमान की तरफ से पंजाब में ममून सैन्य केंद्र के रावी सभागार में राइजिंग स्टार कोर के तत्त्वावधान में गुर्ज डिवीजन ने किया था।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल आर पी सिंह ने समारोह की अध्यक्षता की और 18 अधिकारियों, तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों, अन्य रैंक के 19 कर्मियों और चार सैनिकों के रिश्तेदारों को वीरता एवं विशिष्ट सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया।

प्रवक्ता ने बताया कि पुरस्कारों में वीरता के लिए 33 सेना पदक, विशिष्ट सेवा के लिए पांच सेना पदक और छह विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी सैन्य कमांडर ने शानदार प्रदर्शन के लिए 18 इकाइयों को सर्वश्रेष्ठ इकाई प्रशंसा पुरस्कार से भी सम्मानित किया।

प्रवक्ता ने बताया कि विपरीत स्थितियों में जब वीर सैनिकों के अदम्य साहस की कहानियों को बताया गया तो माहौल देशभक्ति के उत्साह से लबरेज़ हो गया।

कमान के जीओसी ने पुरस्कार पाने वालों को बधाई दी और नि:स्वार्थ सेवा और कर्तव्य के प्रति सराहनीय समर्पण के लिए सभी की सराहना की।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: The Western Command of the Army honored distinguished soldiers

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे