लाइव न्यूज़ :

गांधी और गोडसे के चरित्र में जो अंतर है, वही अंतर हिंदू धर्म और हिंदुत्व में है: कांग्रेस

By भाषा | Updated: November 18, 2021 16:07 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 18 नवंबर कांग्रेस ने हिंदुत्व को लेकर चल रही बहस के बीच बृहस्पतिवार को कहा कि महात्मा गांधी और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे के चरित्र में जो अंतर है, वही अंतर हिंदू धर्म और हिंदुत्व में है।

पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने यह भी कहा कि राष्ट्रपिता का अपमान करने के लिए ‘अज्ञानी सरकारी अदाकारा’ कंगना रनौत के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए तथा उनको मिले सभी राष्ट्रीय पुरस्कार वापस लिये जाने चाहिए।

वल्लभ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस अज्ञानी सरकारी अदाकारा के बयान के दो कारण हो सकते हैं। एक कारण यह है कि उन्हें लिखकर दिया जा रहा है कि मुख्य मुद्दों पर से ध्यान भटकाओ। दूसरा कारण यह हो सकता है कि महात्मा गांधी को अपमानित किया जाए और गोडसेवादी ताकतों को आगे लाया जाए।’’ उन्होंने इसे बड़ी साजिश करार दिया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह सरकारी अदाकारा रोजाना राष्ट्रपिता को अपमानित करती है, लेकिन पूरी सरकार चुप्पी साधे हुए है। हम यह कहना चाहते हैं कि हमें 1947 में नहीं मिली थी भीख, सरकारी अदाकारा तुम कर लो अपना दिमाग ठीक।’’

उन्होंने दावा किया ‘‘स्वयं सुभाष चंद्र बोस की पुत्री ने कहा है कि नेताजी सबसे ज्यादा सम्मान महात्मा गांधी का करते थे।’’

वल्लभ ने कहा, ‘‘इस अदाकारा के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए और उनको दिए गए सभी पुरस्कार वापस लिये जाने चाहिए।’’

गौरतलब है कि अभिनेत्री कंगना ने 1947 में मिली आजादी को ‘भीख’ बताने वाली टिप्पणी के कुछ दिन बाद मंगलवार को दावा किया कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस और सरदार भगत सिंह को महात्मा गांधी से कोई समर्थन नहीं मिला था। अभिनेत्री ने गांधी के अहिंसा के सिद्धांत का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि दूसरा गाल आगे बढ़ाने से आजादी नहीं ‘भीख’ मिलती है।

कांग्रेस नेता वल्लभ ने हिंदुत्व को लेकर चल रही बहस की पृष्ठभूमि में कहा, ‘‘महात्मा गांधी ने जिस व्यवहार पर अमल किया है वह हिंदू धर्म है। गोडसे ने जिस व्यवहार पर अमल किया वह हिंदुत्व है। गोडसे ने गांधी को क्यों मारा? हिंदुत्व ने हिंदू धर्म को मारने की कोशिश क्यों की? क्योंकि गोडसे के हिंदुत्व का मतलब यही है कि जो सर्वधर्म समभाव की बात कर रहा है उसे गोली मारो। हिंदू धर्म तो सर्वधर्म समभाव की ही बात करता है, सबको अपनाने की बात करता है।’’

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘गोडसे हिंदुत्व का उपदेशक है। हिंदू धर्म के उपदेशक हैं महात्मा गांधी। इन दोनों के चरित्र में जो अंतर है, वही अंतर हिंदू और हिंदुत्व में है। ये दोनों अपनी-अपनी विचारधारा के शिखर पुरुष हैं...जो गांधी है वह हिंदू है और जो गोडसे है वह हिंदुत्व है।’’

वल्लभ ने कहा, ‘‘अब देश को तय करना है कि उसे गांधी के बताए हुए अहिंसा के मार्ग पर चलना है या फिर गोडसे के बताए हिंसा के मार्ग पर चलना है।’’

कांग्रेस प्रवक्ता ने यह बयान उस वक्त दिया है जब पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पुस्तक को लेकर चर्चा हो रही है। राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कि हिंदू धर्म और हिंदुत्व में अंतर है। दूसरी तरफ, सलमान खुर्शीद की पुस्तक में हिंदुत्व को लेकर की गई कथित टिप्पणी को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है।

खुर्शीद की पुस्तक पर सीधी टिप्पणी नहीं करते हुए वल्लभ ने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि क्या वह लालकृष्ण आडवाणी की इस बात से सहमत है कि मोहम्मद अली जिन्ना सबसे बड़े धर्मनिरपेक्ष थे? उन्होंने कहा कि भाजपा को आडवाणी, जसवंत सिंह और एम एस गोलवलकर की पुस्तकों को लेकर जवाब देना चाहिए।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार, आरसीबी ने 43 रन से जीता बैक-टू-बैक दूसरा मुकाबला

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह