लाइव न्यूज़ :

भाजपा विधायक के बेटे के संगठन की "चेतावनी" के बाद हास्य कलाकार ने माफी मांगी

By भाषा | Updated: May 1, 2021 22:13 IST

Open in App

इंदौर (मध्य प्रदेश), एक मई नवरात्रि के उपवास को लेकर बनाए गए वीडियो पर भाजपा की एक स्थानीय विधायक के बेटे के संगठन की ओर से दी गई "चेतावनी" के बाद 34 वर्षीय हास्य कलाकार ने यहां शनिवार को माफी मांगी। इसके साथ ही, कलाकार ने विवादास्पद वीडियो को अपने सभी सोशल मीडिया खातों से हटा लिया।

मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा की विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ के बेटे एकलव्य सिंह गौड़ के संगठन "हिंद रक्षक" ने "रणजीत भिया" के रूप में मशहूर हास्य कलाकार रणजीत कौशल (34) के इस वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई थी।

कौशल ने "पीटीआई-भाषा" को बताया, "एक व्यक्ति ने मुझे फोन कर कहा कि वह एकलव्य सिंह गौड़ के कार्यालय से बोल रहा है। इस व्यक्ति ने मुझसे कहा कि मेरे वीडियो से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और मुझे किसी धर्म का मजाक बनाने का कोई अधिकार नहीं है। मुझे उस व्यक्ति की बातें सही लगीं।"

ठेठ इंदौरी लहजे की हिन्दी में हास्य-व्यंग्य के वीडियो बनाने वाले नवोदित कलाकार ने कहा, "मैंने वीडियो के लिए माफी मांगते हुए इसे अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अपने सभी खातों से हटा लिया है।"

कौशल ने बताया कि उन्होंने चैत्र नवरात्रि के आस-पास हल्के-फुल्के अंदाज में एक वीडियो बनाया था जो इस त्योहार के धार्मिक उपवास के दौरान खान-पान के परहेज और अन्य बातों पर केंद्रित था।

उन्होंने कहा, "यह वीडियो बनाने के पीछे मेरा इरादा किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। मैंने इस वीडियो के अंत में भ्रूण हत्या के खिलाफ एक सामाजिक संदेश भी दिया था।"

इस बीच, एकलव्य सिंह गौड़ के संगठन "हिंद रक्षक" के एक प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा, "नवरात्रि के उपवास को लेकर कौशल के वायरल वीडियो पर हिंद रक्षक ने आपत्ति जताते हुए उन्हें प्रथम एवं अंतिम चेतावनी दी थी। उन्हें हिदायत दी गई थी कि वह अपने सभी सोशल मीडिया खातों से आपत्तिजनक वीडियो हटाएं, अपनी गलती के लिए माफी मांगें और भविष्य में ऐसा कृत्य न करें।"

गौरतलब है कि एकलव्य सिंह गौड़ वही व्यक्ति हैं जिन्होंने शहर के एक कैफे में एक जनवरी की शाम आयोजित कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गोधरा कांड को लेकर की गयी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस बहुचर्चित मामले में गुजरात के हास्य कलाकार मुनव्वर फारुकी और पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

शीर्ष न्यायालय ने मामले के मुख्य आरोपी फारुकी को पांच फरवरी को अंतरिम जमानत दे दी थी। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने इस आदेश के आलोक में अन्य आरोपियों को भी अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

क्रिकेटSRH vs LSG: ऋषभ पंत ने दिखाया कमाल, अर्धशतक जड़कर लखनऊ को IPL 2026 की पहली जीत दिलाई

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

क्राइम अलर्टबिहार के मोतिहारी जिले में जहरीली शराब कांड में मरने वालों की संख्या हुई 10, कई लोगों की स्थिति अभी भी गंभीर

भारत अधिक खबरें

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह

भारतयूपी में स्थापना दिवस के जरिए लोगों के घर-घर पहुंचेगी भाजपा, लोगों को PM मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां बताएँगे पार्टी पदाधिकारी

भारतWATCH: बिहार के सारण जिले में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष का एक लड़की के साथ अश्लील वीडियो वायरल, दोनों आपत्तिजनक अवस्था में थे खेत में एक लड़की नेता के पीछे भाग रही है

भारतबिहार में सत्ता हस्तांतरण को लेकर सियासी हलचल हुई तेज, 12 अप्रैल को नीतीश कुमार दे सकते हैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, भाजपा में मुख्यमंत्री को लेकर जारी है मंथन