ठाकरे अंशकालिक मुख्यमंत्री; फिर से चुनाव कराए जाएं: भाजपा ने एमवीए सरकार से कहा

By भाषा | Updated: November 16, 2021 16:38 IST2021-11-16T16:38:54+5:302021-11-16T16:38:54+5:30

Thackeray part-time chief minister; Hold elections again: BJP tells MVA government | ठाकरे अंशकालिक मुख्यमंत्री; फिर से चुनाव कराए जाएं: भाजपा ने एमवीए सरकार से कहा

ठाकरे अंशकालिक मुख्यमंत्री; फिर से चुनाव कराए जाएं: भाजपा ने एमवीए सरकार से कहा

मुंबई, 16 नवंबर भाजपा के महाराष्ट्र प्रभारी सीटी रवि ने मंगलवार को उद्धव ठाकरे को अंशकालिक मुख्यमंत्री करार दिया और शिवसेना के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार को विधानसभा भंग करने तथा नए सिरे से चुनाव कराने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि इसमें भाजपा की ताकत साबित होगी।

रवि ने यहां अपनी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि शिवसेना ने सत्ता में आने के लिए राकांपा और कांग्रेस से हाथ मिलाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा महाराष्ट्र की जनता को धोखा दिया है।

शिवसेना 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा से अलग हो गई थी और फिर सरकार बनाने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) तथा कांग्रेस से हाथ मिला लिया था।

रवि ने कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के अंशकालिक मुख्यमंत्री हैं। राज्य को देवेंद्र फडणवीस जैसे पूर्णकालिक मुख्यमंत्री की जरूरत है। राकांपा और कांग्रेस से हाथ मिलाकर शिवसेना ने न सिर्फ भाजपा, बल्कि इस राज्य की जनता को भी धोखा दिया है।’’

भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक अगले साल होने वाले मुंबई नगर निकाय और अन्य नगर निगमों के चुनाव से पहले हो रही है।

रवि ने कहा, "मैं राज्य सरकार को विधानसभा भंग करने और नए सिरे से चुनाव कराने की चुनौती देता हूं। तब उन्हें पता चलेगा कि किस पार्टी को बहुमत मिलता है।"

भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और अन्य पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।

वर्ष 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा को 288 सदस्यीय सदन में सबसे अधिक 105 सीट मिली थीं। शिवसेना ने 56, राकांपा ने 54 और कांग्रेस ने 44 सीट जीती थीं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Thackeray part-time chief minister; Hold elections again: BJP tells MVA government

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे