जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर किया हमला, सीआरपीएफ का जवान घायल
By भाषा | Updated: February 6, 2021 18:53 IST2021-02-06T18:53:10+5:302021-02-06T18:53:10+5:30

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर किया हमला, सीआरपीएफ का जवान घायल
श्रीनगर, छह फरवरी जम्मू-कश्मीर के चानपोरा इलाके में आतंकवादियों ने शनिवार को सुरक्षा बलों की एक टीम पर हमला किया, जिसमें सीआरपीएफ का एक कर्मी घायल हो गया। अर्धसैनिक बल के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सीआरपीएफ के जन संपर्क अधिकारी ओ पी तिवारी ने कहा कि आतंकियों ने चानपोरा इलाके में सीआरपीएफ की 29वीं बटालियन की सड़क की सुरक्षा की जांच करने वाले दस्ते (आरओपी) पर गोलीबारी की।
उन्होंने बताया कि हमले के दौरान कांस्टेबल मनोज कुमार यादव के पैर में चोट आई।
उन्होंने कहा कि घायल सिपाही को अस्पताल ले जाया गया है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी शुरू कर दी गई है ।
तिवारी ने कहा कि अधिक जानकारी का पता लगाया जा रहा है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।