पटनाःबिहार में स्वास्थ्य की बदहाली को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पोस्ट शेयर कर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर तंज कसा है। तेजस्वी यादव ने लिखा है कि ‘अमंगल दोष से ग्रसित बिहार का स्वास्थ्य विभाग’। ‘बिहार के अस्पतालों में कहीं डॉक्टर नहीं, कहीं रूई नहीं-रुई है तो सुई नहीं, कहीं दवा नहीं, कहीं बेड नहीं… और अब हालत यह है कि अस्पताल में मरीज के लिए व्हील चेयर तक उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में मरीज को कभी साइकिल, कभी चारपाई, तो स्कूटर पर बैठाकर ले जाना पड़ रहा है।’ तेजस्वी ने आगे लिखा है कि ‘अमंगल सरकार में समूचे बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट हो चुकी है. भाजपा-जदयू की सरकार बताए, जब अस्पताल में डॉक्टर नहीं, व्हील चेयर नहीं, दवा नहीं, इलाज की व्यवस्था नहीं, स्वास्थ्य कर्मी नहीं तो इसे अस्पताल कहा ही क्यों जाए?’
पोस्ट में तेजस्वी यादव ने यह भी जिक्र किया है कि ‘ईंट-गारे का ढांचा खड़ा कर करने से और उसे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कहने से स्वास्थ्य सेवा, सुविधा और व्यवस्था सुदृढ़ नहीं होती है? ये बिल्डिंग इसलिए बनाते और बनवाए है कि इसमें मोटा कमीशन खाते है अन्यथा बिना चिकित्सकों, नर्सों, ड्रेसर, लैब टेक्निशियन इत्यादि की भर्ती के बिना अस्पतालों के इन भवनों में कबूतर ही रहेंगे।’
इस दौरान उन्होंने एनडीए सरकार पर भी जमकर हमला बोला है। उन्होंने एनडीए सरकार की खामियां गिनाने के साथ-साथ खुद के 17 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाई। तेजस्वी यादव ने लिखा कि ‘स्वास्थ्य मंत्री रहते हमने 17 महीनों में स्वास्थ्य विभाग में जो सकारात्मक कार्य किए थे।
उन सभी को इन भ्रष्ट लोगों ने दरकिनार कर फिर दलालों और माफियाओं के हवाले बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को सौंप दिया।’ इस दौरान तेजस्वी यादव ने गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल का एक शर्मनाक वीडियो एक्स पर शेयर किया है। इस वीडियो में स्ट्रेचर नहीं मिलने पर एक पोता अपनी दादी को स्कूटी पर बैठाकर वार्ड से बाहर लाता दिख रहा है।