लाइव न्यूज़ :

ठाणे में किशोरी से कई बार सामूहिक दुष्कर्म, 24 गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पकड़े गए

By भाषा | Updated: September 23, 2021 22:52 IST

Open in App

ठाणे, 23 सितंबर महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पिछले आठ महीनों में 15 वर्षीय किशोरी से अलग-अलग स्थानों पर कथित तौर पर कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस संबंध में अभी तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया है तथा दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि लड़की की शिकायत पर कल्याण के डोम्बिवली में मनपाडा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 376 (एन) (बार-बार दुष्कर्म), 376 (डी) (सामूहिक दुष्कर्म), 376 (3) (16 साल की कम उम्र की लड़की से दुष्कर्म) और बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत 33 आरोपियों के खिलाफ बुधवार को एक मामला दर्ज किया गया।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में मुंबई के साकीनाका इलाके में एक महिला के साथ नृशंस बलात्कार और हत्या हुई थी। जिसके बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर राज्य विधानसभा के विशेष सत्र में महिलाओं की सुरक्षा पर चर्चा कराने के लिए कहा गया था।

पत्रकारों से बातचीत में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र) दत्तात्रेय कराले ने बताया कि ये अपराध इस वर्ष 29 जनवरी से 22 सितंबर के बीच अंजाम दिए गए।

उन्होंने बताया, ‘‘यह सब तब शुरू हुआ जब लड़की के प्रेमी ने जनवरी में उससे दुष्कर्म किया और घटना की वीडियो बना ली। उसने वीडियो को लेकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बाद में उसके दोस्तों तथा साथियों ने डोम्बिवली, बदलापुर, मुर्बाद और रबाले समेत अलग-अलग स्थानों पर कम से कम चार से पांच बार उससे दुष्कर्म किया।’’

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सोनाली धोले के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।

कराले ने बताया, ‘‘पीड़िता ने 33 लोगों के नाम बताए हैं। उनमें से 24 को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो नाबालिगों को भी इस संबंध में पकड़ा गया है। लड़की की हालत स्थिर बतायी जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि अपराध में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों को बृहस्पतिवार को एक अदालत में पेश किया गया और उन्हें 29 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने मांग की कि महाराष्ट्र सरकार ऐसे अपराधों को रोकने के लिए विशेष प्रयास करे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य में भय का माहौल है। ऐसी घटनाओं की संख्या में वृद्धि चिंताजनक है।”

फडणवीस ने कहा, "शांतिपूर्ण बस्ती के रूप में जाने जाने वाले डोंबिवली में ऐसी घटना घट रही है जो बेहद चौंकाने वाली है। हम मांग करते हैं कि सरकार इसमें तुरंत हस्तक्षेप करे।"

गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में मुंबई के साकीनाका इलाके में 34 वर्षीय एक महिला के साथ बेरहमी से बलात्कार और हत्या के बाद शिवसेना के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की काफी आलोचना हुई थी। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

भाजपा के एक अन्य नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि डोंबिवली की घटना राज्य सरकार को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित करने के लिए प्रेरित कर सकती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

राज्यपाल बी एस कोश्यारी द्वारा विशेष सत्र के लिए पत्र लिखे जाने के बाद ठाकरे ने सोमवार को पलटवार करते हुए कहा था कि राज्यपाल को केंद्र से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद का सत्र बुलाने का अनुरोध करना चाहिए।

दूसरी ओर, शिवसेना नेता और महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे ने कहा कि इस घटना का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पीड़िता को बचाया जाना चाहिए, उसे परामर्श दिया जाना चाहिए और उसका पुनर्वास किया जाना चाहिए।

राकांपा नेता विद्या चव्हाण ने दिन में मनपाड़ा थाने का दौरा किया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "अगर दोषियों को हमें सौंप दिया जाता है, तो हम उनकी सार्वजनिक रूप से परेड करवाएंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतगुजरात की पार्षद ने BJP छोड़ी, कांग्रेस में शामिल हुईं, फिर कुछ ही घंटों में ही कर ली 'घर वापसी'

भारतAssembly Elections 2026: असम में 85.65% में मतदाताओं की भागीदारी, केरल में 78.24%, तो पुडुचेरी में 89.08% रही वोटिंग

भारतअपने जन्मदिन से पहले, अनंत अंबानी ने गुजरात के सालंगपुर मंदिर स्थित गौशाला को दान किए ₹10 करोड़

विश्वईरान ने US के साथ हुए सीज़फ़ायर समझौते के तहत स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से जहाज़ों के गुज़रने की सीमा रोज़ाना 15 जहाज़ों तक तय की

कारोबारसावधानीपूर्वक निवेश से ठोस संपत्ति की ओर: निश्चित आय वालों का भूखंड की ओर बढ़ता रुझान

भारत अधिक खबरें

भारतपरिसीमन 2026: ‘I-YUVA फॉर्मूला’ के साथ संतुलित लोकतंत्र की नई दिशा

भारतAssembly Elections 2026: असम में 84.42% मतदान दर्ज, केरल, पुडुचेरी में जानें शाम 5 बजे तक मतदान का रुझान

भारतKerala Elections 2026: केरलम में 140 सीटों पर मतदान संपन्न, शाम 5 बजे तक 75% वोटिंग

भारतपिता अजीत पवार की गुलाबी जैकेट पहनकर पार्थ पवार ने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली, वीडियो

भारतVIDEO: 'क्या आपकी लैंग्वेज अनपार्लियामेंट हो गई है?' ये सवाल पूछे जाने पर हिमंत बिस्वा सरमा ने 'लल्लनटॉप' के रिपोर्टर को झाड़ा, दोनों के बीच हुई बहस