बिलासपुर (छत्तीसगढ़), तीन नवंबर छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में पुलिस अधीक्षक और उनकी पत्नी जंगली हाथी से बचने के प्रयास में जमीन पर गिर कर घायल हो गए।
जीपीएम जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि भारतीय पुलिस सेवा के 2016 बैच के अधिकारी तित्रोक बंसल और उनकी पत्नी जिले के अमरू गांव के जंगल में हाथी के हमले से बचने के प्रयास में घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया, अमरू गांव के जंगलों में जंगली हाथी की सूचना पर वन विभाग के दल को मौके पर रवाना किया गया था। इस दौरान पुलिस अधीक्षक बंसल और उनकी पत्नी भी वहां पहुंच गए। दोनों जब हाथियों के झुंड के करीब थे तभी एक मादा हाथी अचानक उनकी ओर हमले के लिए आगे बढ़ी, जिससे बचने के प्रयास में पति-पत्नी नीचे गिर गए और घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद बंसल और उनकी पत्नी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, दोनों को हल्की चोटें आयी हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।