जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सपा को समर्थन देगी सुभासपा : राजभर

By भाषा | Updated: June 25, 2021 12:16 IST2021-06-25T12:16:05+5:302021-06-25T12:16:05+5:30

Subhasp will support SP in the election of District Panchayat President: Rajbhar | जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सपा को समर्थन देगी सुभासपा : राजभर

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सपा को समर्थन देगी सुभासपा : राजभर

बलिया (उप्र), 25 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश में होने जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि योगी सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए धर्मांतरण मामले को हवा दे रही है ।

सुभासपा अध्यक्ष व पूर्व मंत्री राजभर ने शुक्रवार को 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सपा के उम्मीदवारों को समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उनके दल के विजयी जिला पंचायत सदस्य चुनाव में सपा उम्मीदवारों का सहयोग करेंगे। एक सवाल के जवाब में अपने इस निर्णय को उचित करार देते हुए राजभर ने कहा कि वह भाजपा को रोकने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने सपा को समर्थन देने को लेकर पूछे जाने पर कहा कि सपा ही भाजपा को जवाब देने में सक्षम है। यह पूछे जाने पर कि क्या उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव में भी वह सपा का समर्थन करेंगे, सुभासपा प्रमुख ने कहा कि वह स्थिति के अनुसार सही समय पर फैसला करेंगे।

राजभर ने आरोप लगाया है कि भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में जीत के लिए हर हथकंडा अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बलिया जिले में भाजपा ने उनके दल की जिला पंचायत सदस्य सुप्रिया यादव को कल अपने दल में शामिल कराकर तत्काल जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने बृहस्पतिवार को बलिया से सुप्रिया यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है । दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री अनिल राजभर ने कल पार्टी के जिला कार्यालय पर सुप्रिया को पहले भाजपा में शामिल कराया तथा इसके बाद उन्हें उम्मीदवार घोषित कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए 26 जून को नामांकन और तीन जुलाई को मतदान सुनिश्चित किया गया है।

राजभर ने आरोप लगाया है कि योगी सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए धर्मांतरण मसले को हवा दे रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में सिस्टम ध्वस्त हो गया है और आम लोग महंगाई, भ्रष्टाचार व मूलभूत समस्याओं से त्रस्‍त हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Subhasp will support SP in the election of District Panchayat President: Rajbhar

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे