सोशल मीडिया पोस्ट के लिये जांच का सामना करने वाले उप न्यायाधीश ने इस्तीफा दिया
By भाषा | Updated: July 5, 2021 22:43 IST2021-07-05T22:43:56+5:302021-07-05T22:43:56+5:30

सोशल मीडिया पोस्ट के लिये जांच का सामना करने वाले उप न्यायाधीश ने इस्तीफा दिया
कोच्चि, पांच जुलाई केरल के कोच्चि में विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के लिये जांच का सामना करने वाले एक उप न्यायाधीश ने सोमवार को उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को अपने इस्तीफा सौंप दिया।
उप न्यायाधीश एस सुदीप ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि उन्होंने ''एक पंक्ति का त्याग पत्र'' दिया है।
उन्होंने पोस्ट किया, ''मैंने आज इस्तीफा दे दिया और एक पंक्ति का त्याग पत्र भेजा है।'’ इससे पहले उच्च न्यायालय ने न्यायाधीश के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की थी। सोशल मीडिया पर मुखर रहने वाले न्यायाधीश विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मामलों में अपने निजी विचार व्यक्त करते रहे हैं।
भाजपा ने 2018 में उप न्यायाधीश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए उनपर सोशल मीडिया के जरिये सबरीमला के देवता का अपमान कर धार्मिक भावनाओं के ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया था। पार्टी ने आरोप लगाया था कि सुदीप फेसबुक पर भगवान अयप्पा के बारे में बहुत आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट कर रहे थे।
इससे पहले सुदीप ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा था कि उनकी पोस्ट की जांच के लिये उच्च न्यायालय ने एक जांच समिति का गठन किया है।
अदालत ने कथित रूप से तीन बार उनकी नियमित वेतन बढ़ोतरी और पदोन्नति को रोक दिया था। हालांकि, उच्च न्यायालय की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा उपलब्ध नहीं है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।