श्रीलंकाई नौसेना ने नौ भारतीय मछुआरों को पकड़ा
By भाषा | Updated: January 10, 2021 17:32 IST2021-01-10T17:32:21+5:302021-01-10T17:32:21+5:30

श्रीलंकाई नौसेना ने नौ भारतीय मछुआरों को पकड़ा
रामेश्वरम, 10 जनवरी श्रीलंकाई नौसेना ने अपने जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में नौ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और मछली पकड़ने वाली एक नौका जब्त कर ली है।
इसके साथ ही एक अन्य घटना में श्रीलंकाई नौसैनिकों ने भारतीय मछुआरों के मछली पकड़ने वाले जाल नष्ट कर दिए।
मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों को शनिवार को नेदुनथीवू के निकट गिरफ्तार किया और उनकी मछली पकड़ने वाली एक नौका भी जब्त कर ली।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में श्रीलंकाई नौसैनिकों ने शनिवार को कच्चाथीवू के निकट भारतीय मछुआरों की 20 नौकाओं के जाल नष्ट कर दिए।
उन्होंने बताया कि श्रीलंकाई जवानों ने भारतीय मछुआरों पर पथराव किया और बोतलें फेंकीं।
मछुआरों के संगठन के प्रतिनिधि सेसुराजा ने श्रीलंकाई नौसैनिकों की कार्रवाई की निंदा की और कहा कि साजो-सामान को क्षतिग्रस्त करने से मछुआरों को मुश्किलें आती हैं।
इस बीच, बीच मशीनीकृत नौकाओं का उपयोग करने वाले मछुआरों ने पूर्व में श्रीलंका द्वारा गिरफ्तार 52 मछुआरों की रिहाई के लिए केंद्र सरकार से कदम उठाने की मांग करते हुए सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है।
प्रतिनिधि ने बताया कि 800 नौकाएं एवं करीब 5000 मछुआरे हड़ताल में शामिल होंगे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।