‘राष्ट्रीय महिला दिवस’ के तौर पर सरोजिनी नायडू का जन्मदिन मनाएगी सपा
By भाषा | Updated: February 11, 2021 19:26 IST2021-02-11T19:26:48+5:302021-02-11T19:26:48+5:30

‘राष्ट्रीय महिला दिवस’ के तौर पर सरोजिनी नायडू का जन्मदिन मनाएगी सपा
लखनऊ, 11 फरवरी समाजवादी पार्टी (सपा) आगामी 13 फरवरी को स्वतंत्रता सेनानी और उत्तर प्रदेश की प्रथम राज्यपाल सरोजिनी नायडू का जन्मदिन ‘राष्ट्रीय महिला दिवस‘ के रूप में मनायेगी। पार्टी उस दिन सभी जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित करके महिलाओं को भाजपा सरकार से मुक्ति का संकल्प दिलायेगी।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बृहस्पतिवार को बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सरोजिनी नायडू के जन्मदिन 13 फरवरी को ‘राष्ट्रीय महिला दिवस’ के तौर पर मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दिन महिलाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए पार्टी के सभी जिला मुख्यालयों पर ‘‘समाजवादी महिला घेरा‘‘ कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं से सम्बन्धित मुद्दों पर विचारगोष्ठी में चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हर जिले में सपा सभी जिला मुख्यालयों में 13 फरवरी को ‘समाजवादी महिला घेरा‘ का आयोजन कर महिलाओं द्वारा भाजपा सरकार से मुक्ति का संकल्प लिया जाएगा। समाजवादी पार्टी का यह भी आह्वान है कि वर्ष 2022 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के अभियान में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।