उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम द्वारा सिफारिश किये गये 68 नामों में कुछ की शीघ्र होने वाली है नियुक्ति
By भाषा | Updated: October 5, 2021 12:54 IST2021-10-05T12:54:17+5:302021-10-05T12:54:17+5:30

उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम द्वारा सिफारिश किये गये 68 नामों में कुछ की शीघ्र होने वाली है नियुक्ति
नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम द्वारा सिफारिश किये गये 68 नामों में कुछ लोग अगले कुछ दिनों में विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश नियुक्त किये जाने वाले हैं। उच्चतर न्यायपालिका में नियुक्ति प्रक्रिया से अवगत सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नियुक्तियों के लिए सिफारिशों पर कुछ फाइलें प्रक्रिया के अंतिम चरण में हैं।
सूत्रों ने संकेत दिया कि नियुक्तियां एक ही बार में नहीं होंगी और ये कई चरणों में होंगी। हालांकि, पहले समूह में कितने लोगों की नियुक्ति होगी, इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
इस साल आठ अगस्त से एक सितंबर के बीच, शीर्ष अदालत के कॉलेजियम ने विभिन्न उच्च न्यायालयों द्वारा अनुशंसित 100 से अधिक नामों पर गौर किया था और अंत में 12 उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों के रूप में नियुक्ति के लिए सरकार को 68 नाम भेजे थे। इन 68 नामों में से कर्नाटक से दो और जम्मू-कश्मीर से एक नाम की सिफारिश तीसरी बार की गई, जबकि 10 अन्य नामों की दूसरी बार सिफारिश की गई है। वहीं अन्य सभी नामों की सिफारिश पहली बार की गई है।
देश के 25 उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों की संयुक्त स्वीकृत संख्या 1,098 है। कानून मंत्रालय द्वारा सार्वजनिक मंच पर रखे गए आंकड़ों के अनुसार, एक सितंबर का न्यायाधीशों 465 पद रिक्त थे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।