अवैध कोयला खनन मामले में अभी तक 95 गिरफ्तार, 250 मामले दर्ज
By भाषा | Updated: March 15, 2021 16:28 IST2021-03-15T16:28:42+5:302021-03-15T16:28:42+5:30

अवैध कोयला खनन मामले में अभी तक 95 गिरफ्तार, 250 मामले दर्ज
शिलांग, 15 मार्च मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने सोमवार को कहा कि राज्य में अवैध कोयला खनन और परिवहन को लेकर अभी तक 95 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 250 मामले दर्ज किए गए हैं।
राज्य विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कोयला के खनन और परिवहन जैसी अवैध गतिविधियों को मंजूरी नहीं देगी।
संगमा ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘अभी तक 95 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हमने 250 मामले दर्ज किए हैं और 146 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सभी अवैध खनन और परिवहन पर रोक सुनिश्चित करने के लिए हर तरह से कार्रवाई की जा रही है। सरकार कभी अवैध खनन या परिवहन गतिविधि को मंजूरी नहीं देगी।’’
राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने 2014 में राज्य में कोयला खनन पर प्रतिबंध लगा दिया था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।