सीडीआरआई से अब तक 25 देश जुड़े, बांग्लादेश नया सहभागी: विदेश मंत्रालय
By भाषा | Updated: August 6, 2021 00:08 IST2021-08-06T00:08:38+5:302021-08-06T00:08:38+5:30

सीडीआरआई से अब तक 25 देश जुड़े, बांग्लादेश नया सहभागी: विदेश मंत्रालय
नयी दिल्ली, पांच अगस्त विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि आपदा रोधी अवसंरचना गठबंधन (सीडीआरआई) में अब 25 देश और सात अंतरराष्ट्रीय संगठन बतौर सदस्य शामिल हैं तथा बांग्लादेश इसका सबसे नया सहयोगी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2019 में सीडीआरआई की शुरुआत की थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि सीडीआरआई का उद्देश्य सतत विकास के वास्ते जलवायु एवं आपदा संबंधी जोखिमों के लिए नयी और मौजूदा बुनियादी ढांचा प्रणालियों को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन के दौरान 23 सितंबर 2019 को सीडीआरआई की शुरुआत किए जाने का उल्लेख करते हुए बागची ने कहा कि तब से ही सीडीआरआई के सदस्यों की संख्या बढ़नी जारी है और अब 25 देश एवं सात अंतरराष्ट्रीय संगठन इसके सदस्य हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।