महिला कारीगरों के हुनर को किया जाएगा सम्मानित
By भाषा | Updated: October 29, 2021 17:05 IST2021-10-29T17:05:05+5:302021-10-29T17:05:05+5:30

महिला कारीगरों के हुनर को किया जाएगा सम्मानित
लखनऊ 29 अक्टूबर घर की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ घर की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में भी मदद कर रही 20 महिला कारीगरों को उत्तर प्रदेश का डिजाइन एवं रिसर्च संस्थान आगामी शनिवार को सम्मानित करेगा।
संस्थान की अध्यक्ष क्षिप्रा शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि आगामी शनिवार को लखनऊ के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय स्थित अटल बिहारी वाजपेई ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में राज्य के 45 जिलों की 350 से ज्यादा महिला कारीगर और बुनकर हिस्सा लेंगी।
उन्होंने बताया कि इसमें 20 ऐसी महिलाओं को धरोहर अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा जो घर की जिम्मेदारियों को संभालने के साथ-साथ अपने परिवार की वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति करने में भी हाथ बंटा रही हैं।
उन्होंने बताया कि 'धरोहर - कुशल हाथों की सफल उड़ान' शीर्षक वाले इस कार्यक्रम में थारू जनजाति की 700 से ज्यादा महिला प्रतिभागी भी हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम के दौरान महिला कारीगरों और बुनकरों द्वारा तैयार किए गए 25 उत्पादों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।