लाइव न्यूज़ :

सिंघु बॉर्डर हत्या मामला : आरोपी को एक हफ्ते की पूलिस रिमांड में भेजा

By भाषा | Updated: October 16, 2021 20:30 IST

Open in App

सोनीपत (हरियाणा), 16 अक्टूबर हरियाणा के सोनीपत की एक अदालत ने सिंघु बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन स्थल पर एक व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार सरबजीत सिंह को शनिवार को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपी ने इस जघन्य हत्या में कुछ और लोगों के शामिल होने का संकेत दिया है।

पंजाब के तरन तारन जिले के मजदूर लखबीर सिंह का शव शुक्रवार को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर एक अवरोधक से बंधा हुआ पाया गया जहां कृषि कानून विरोधी प्रदर्शनकारी डेरा डाले हुए हैं। सिंह का एक हाथ कटा हुआ मिला और शरीर पर धारदार हथियारों के कई घाव मिले। इस घटना के लिए निहंगों के एक समूह को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।

सोनीपत पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरबजीत की हिरासत मांगते हुए पुलिस ने अदालत में कहा कि उन्हें गिरफ्तार आरोपी से कुछ चीजें बरामद करनी है। उन्होंने बताया कि सरबजीत ने पूछताछ के दौरान चार और लोगों के नाम बताए हैं और घटना में उनकी संलिप्तता का संकेत दिया है ।

अधिकारी ने बताया कि सरबजीत को दोपहर में दो बजे कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया, आरोपी को लेकर पुलिस की सीआइए की टीम न्यायालय पहुंची थी और वहां भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई थी ।

इससे पहले पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने अदालत से आरोपी सरबजीत को दो हफ्ते के लिये पुलिस रिमांड में भेजे जाने का अनुरोध किया था । पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि मृत व्यक्ति के शरीर पर घाव के 34 निशान मिले हैं।

मामले की सुनवाई करते हुए दिवानी न्यायाधीश (जूनियर डिवीज़न) किम्मी सिंगला की अदालत ने सरबजीत को सात दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया ।

अदालत ने कहा, ‘‘आरोपी जहां भी जाएगा उसके बारे में प्रतिदिन प्रविष्टि दर्ज की जाएगी और हर रोज चिकित्सा जांच कराना भी अनिवार्य होगा।’’ इसके साथ ही अदालत ने यह भी कहा कि आरोपी पक्ष का अधिवक्ता अगर अपने मुवक्किल से मिलना चाहे तो उसके लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

इससे पहले आरोपी ने चार अन्य लोगों के इस कांड में शामिल होने का दावा करते हुए कहा कि सामने लाये जाने पर वह उन्हें पहचान लेगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जब आरोपी सरबजीत को अदालत से बाहर लाया गया तो मौके पर मीडिया के कैमरे को देख कर उसने अपना आपा खो दिया और उसने कथित रूप से धमकी दी तथा गालियां भी दी।

इस बीच आरोपी के अधिवक्ता मोनार्क भारद्वाज ने बताया कि अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उनके मुवक्किल को सात दिनों के पुलिस रिमांड पर भेजा है। उन्होंने बताया कि जिसमें पुलिस को हिदायत दी गई है कि प्रतिदिन आरोपी का मेडिकल जांच कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि घटना मे प्रयुक्त हुए हथियार और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए आरोपी को चमकौर साहिब और गुरदासपुर भी ले जाया जाएगा। इससे पहले पुलिस ने अदालत में अपनी दलील में कहा कि अन्य आरोपी पंजाब में छिपे हो सकते हैं।

इस बीच सोनीपत के पुलिस उपाधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने फोन पर बताया, ‘‘हमने सरबजीत को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को सात दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। आरोपी ने मामले में चार और लोगों की संलिप्तता का संकेत दिया है और उनके नाम लिए हैं...हम इस संबंध में जांच कर रहे हैं। हमें गिरफ्तार आरोपी से अपराध में इस्तेमाल हथियार समेत कुछ सामान बरामद करने हैं और साथ ही उसने जो कपड़े पहन रखे थे, वे भी बरामद करने हैं।’’

डीएसपी ने बताया कि अपराध में शामिल आरोपी पांच से ज्यादा हो सकते हैं। मामले की आगे जांच की जा रही है।

शुक्रवार को हुई इस वारदात के कुछ घंटों बाद निहंग सिख की तरह नीले कपड़े पहना एक व्यक्ति मीडिया के समक्ष पेश हुआ और दावा किया कि उसने सिखों के एक पवित्र ग्रंथ की ‘‘बेअदबी’’ के लिए पीड़ित को ‘‘सजा’’ दी।

यह दावा किया गया था कि आरोपी ने पुलिस के समक्ष ‘‘आत्मसमर्पण’’ किया था जबकि पुलिस ने बाद में कहा था कि गुरदासपुर जिले के रहने वाले आरोपी सरबजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इससे पहले शुक्रवार को सोशल मीडिया पर चली एक वीडियो क्लिप में कुछ निहंगों की तरह दिखने वाले कुछ लोगों को घायल व्यक्ति के आसपास खड़े देखा गया और उसका कटा हुआ बायां हाथ उसके सिर के पास पड़ा था। निहंगों की तरह दिखने वाले लोगों को आरोपी के खिलाफ सिखों के एक पवित्र ग्रंथ की बेअदबी करने का आरोप लगाते हुए सुना गया।

वीडियो में दिखाई दिया कि निहंगों की तरह दिखने वाले लोगों का समूह बुरी तरह घायल व्यक्ति से पूछ रहे हैं कि वह कहां से आया और किसने उसे भेजा है। घायल व्यक्ति उनसे पंजाबी में गुहार लगा रहा था।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को राज्य के गृह मंत्री अनिल विज और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

तरन तारन जिले के गांव में लखबीर सिंह का परिवार सदमे में है और उन्होंने कहा कि वह कभी पवित्र ग्रंथ की बेअदबी नहीं कर सकते।

भीड़ द्वारा पीट पीटकर हत्या करने की इस घटना के संबंध में सोनीपत के कुंडली पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेVIDEO: पूजा करने गया था श्रद्धालु, मंदिर में ही हो गई पिटाई – CCTV फुटेज वायरल

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारत अधिक खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos